₹10.99 लाख में लॉन्च हुई नई Volkswagen Taigun, भारत में Creta और Seltos से टक्कर

फॉक्सवैगन इंडिया ने अपनी नई टाइगुन SUV को भारत में लॉन्च कर दिया है. इसकी शुरुआती कीमत ₹10.99 लाख (एक्स-शोरूम) रखी गई है. टाइगुन मिड-साइज SUV सेगमेंट में आती है, जहां इसका मुकाबला हुंडई क्रेटा, किआ सेल्टोस और स्कोडा कुशाक जैसी गाड़ियों से होता है.

नई फॉक्सवैगन टाइगुन में नया क्या?
कई बड़े अपडेट
नए वेरिएंट्स
ज्यादा फीचर्स
नया 8-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स
खास बायबैक ऑफर
40 बड़े अपडेट
नई टाइगुन में पुराने मॉडल के मुकाबले करीब 40 बड़े अपडेट किए गए हैं. ये बदलाव डिजाइन, टेक्नोलॉजी, सेफ्टी और केबिन क्वालिटी से जुड़े हैं. अब इस SUV में आगे की तरफ फुल LED लाइट बैंड दिया गया है, साथ ही आगे और पीछे दोनों तरफ चमकने वाला VW लोगो भी मिलता है. अंदर की बात करें तो इसमें 10.1 इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम और टॉप वेरिएंट्स में 10.25 इंच का पूरी तरह डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर दिया गया है. इसके अलावा इसमें पैनोरमिक सनरूफ भी जोड़ा गया है, जो इसे और प्रीमियम बनाता है.

5 स्टार सेफ्टी रेटिंग
सेफ्टी के मामले में भी कंपनी ने कोई समझौता नहीं किया है. नई टाइगुन को पहले की तरह 5-स्टार Global NCAP रेटिंग मिली हुई है. इसके सभी वेरिएंट्स में स्टैंडर्ड तौर पर 6 एयरबैग्स दिए गए हैं, जो यात्रियों की सुरक्षा को और मजबूत बनाते हैं.

बायबैक ऑफर
इस कार के साथ कंपनी ने एक खास ऑफर भी पेश किया है, जिसे वह इंडस्ट्री में सबसे बेहतर बता रही है. यह एक एश्योर्ड बायबैक ऑफर प्रोग्राम है, जिसमें कंपनी 3 साल या 30,000 किलोमीटर तक इस्तेमाल के बाद गाड़ी की 75% तक वैल्यू वापस देने की गारंटी देती है. हालांकि, इस ऑफर का फायदा वही ग्राहक उठा सकते हैं, जो 31 मई 2026 तक नई टाइगुन बुक करते हैं.

टाइगुन इंजन ऑप्शन
इंजन ऑप्शन की बात करें तो टॉप वेरिएंट GT Plus में 1.5-लीटर TSI इंजन मिलता है, जो 150 PS की पावर देता है और 7-स्पीड DSG ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के साथ आता है. इसमें Active Cylinder Technology भी दी गई है, जिससे कम लोड पर इंजन की फ्यूल खपत कम हो जाती है. बाकी सभी वेरिएंट्स में 1.0-लीटर TSI इंजन दिया गया है, जो अब नए 8-स्पीड ऑटोमैटिक और पुराने 6-स्पीड मैनुअल दोनों विकल्पों में उपलब्ध है. टॉप मॉडल की कीमत ₹19.29 लाख (एक्स-शोरूम) तक जाती है.