अदाणी ग्रुप ने रचा नया रिकॉर्ड: पहली बार भारत के टॉप-10 सबसे मूल्यवान ब्रांड्स में शामिल, ब्रांड वैल्यू 8.48 अरब डॉलर पहुंची - vedantsamachar.in

अदाणी ग्रुप ने रचा नया रिकॉर्ड: पहली बार भारत के टॉप-10 सबसे मूल्यवान ब्रांड्स में शामिल, ब्रांड वैल्यू 8.48 अरब डॉलर पहुंची

नई दिल्ली। भारत के अग्रणी कॉर्पोरेट समूहों में शामिल अदाणी ग्रुप ने ब्रांड वैल्यू के क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित करते हुए पहली बार देश के टॉप-10 सबसे मूल्यवान ब्रांड्स की सूची में जगह बना ली है। दुनिया की अग्रणी स्वतंत्र ब्रांड वैल्यूएशन कंसल्टेंसी ब्रांड फाइनेंस की ‘ब्रांड फाइनेंस इंडिया 100 रिपोर्ट-2026’ के अनुसार, अदाणी ग्रुप ने पिछले वर्ष की 13वीं रैंक से छलांग लगाकर इस बार 8वां स्थान हासिल किया है। खास बात यह है कि महज तीन वर्षों में टॉप-10 में पहुंचने वाला यह भारत का सबसे तेज़ी से उभरने वाला कॉर्पोरेट ब्रांड बन गया है।

रिपोर्ट के मुताबिक, अदाणी ग्रुप की ब्रांड वैल्यू बढ़कर 8.48 अरब अमेरिकी डॉलर हो गई है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 31.3 प्रतिशत अधिक है। यह वृद्धि भारत के टॉप-20 ब्रांड्स में सबसे तेज़ वार्षिक वृद्धि मानी गई है। पिछले एक वर्ष में समूह की ब्रांड वैल्यू में 2.02 अरब डॉलर का इजाफा हुआ, जो वर्ष 2022 में उसकी कुल ब्रांड वैल्यू से भी अधिक है। इस उपलब्धि के साथ अदाणी ग्रुप देश का तीसरा सबसे बड़ा कॉर्पोरेट ब्रांड भी बन गया है।

रिपोर्ट में बताया गया है कि भारत में इंफ्रास्ट्रक्चर, ऊर्जा और लॉजिस्टिक्स सेक्टर में तेजी से बढ़ रहे निवेश का सकारात्मक असर अब भारतीय कंपनियों की वैश्विक ब्रांड पहचान पर भी दिखाई देने लगा है। अदाणी ग्रुप ने इन क्षेत्रों में लगातार विस्तार और निवेश के दम पर अपनी ब्रांड प्रतिष्ठा को मजबूत किया है, जिसका सीधा लाभ उसकी ब्रांड वैल्यू में देखने को मिला है।

इस वर्ष की रैंकिंग में सबसे उल्लेखनीय प्रदर्शन अदाणी पावर का रहा। कंपनी की ब्रांड वैल्यू में 152 प्रतिशत की रिकॉर्ड वृद्धि दर्ज की गई और यह बढ़कर 1.8 अरब डॉलर पहुंच गई। इसी उपलब्धि के साथ अदाणी पावर भारत का नंबर-1 एनर्जी ब्रांड बन गया है। वहीं अदाणी ग्रीन एनर्जी और अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस भी देश के टॉप-5 एनर्जी ब्रांड्स में शामिल हुए हैं। इसके अलावा अदाणी टोटल गैस ने भी ऊर्जा क्षेत्र में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है।

विशेषज्ञों का मानना है कि यह सफलता ऐसे समय आई है, जब भारत बिजली उत्पादन क्षमता बढ़ाने, नवीकरणीय ऊर्जा, ट्रांसमिशन नेटवर्क और ऊर्जा भंडारण (एनर्जी स्टोरेज) जैसे क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर निवेश कर रहा है। इन क्षेत्रों में अदाणी समूह की मजबूत भागीदारी ने उसकी ब्रांड पहचान को और अधिक मजबूत बनाया है।

ब्रांड फाइनेंस की रिपोर्ट केवल किसी कंपनी के वित्तीय प्रदर्शन पर आधारित नहीं होती। रैंकिंग तय करने के लिए संस्था उपभोक्ताओं की धारणा, ब्रांड की विश्वसनीयता, बाजार में प्रभाव, भविष्य की आय क्षमता और ब्रांड की समग्र मजबूती जैसे कई वैश्विक मानकों का मूल्यांकन करती है। इन्हीं मानकों के आधार पर अदाणी ग्रुप का ब्रांड स्ट्रेंथ इंडेक्स (BSI) बढ़कर 84 अंक तक पहुंच गया है। इस श्रेणी में समूह ने आठ स्थानों की छलांग लगाते हुए भारत के शीर्ष 20 ब्रांड्स में सबसे तेज़ सुधार दर्ज किया है।

ब्रांड फाइनेंस एशिया-प्रशांत के प्रबंध निदेशक एलेक्स हेग ने कहा कि अदाणी ग्रुप का पहली बार भारत के टॉप-10 ब्रांड्स में शामिल होना इस बात का संकेत है कि समूह देश की विकास यात्रा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि इंफ्रास्ट्रक्चर, लॉजिस्टिक्स और ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में समूह का निरंतर विस्तार उसकी ब्रांड पहचान को वैश्विक स्तर पर मजबूत कर रहा है।

बाजार विशेषज्ञों का भी मानना है कि भारत की अगली विकास यात्रा का प्रमुख आधार इंफ्रास्ट्रक्चर, स्वच्छ ऊर्जा, लॉजिस्टिक्स, डिजिटल कनेक्टिविटी और मैन्युफैक्चरिंग जैसे क्षेत्र होंगे। इन क्षेत्रों में बड़े निवेश करने वाली कंपनियों को आने वाले वर्षों में ब्रांड वैल्यू और बाजार दोनों स्तरों पर लाभ मिलने की संभावना है।

‘ब्रांड फाइनेंस इंडिया 100 रिपोर्ट-2026’ के अनुसार, वर्ष 2026 में भारत के टॉप-100 ब्रांड्स की कुल ब्रांड वैल्यू बढ़कर 252.8 अरब अमेरिकी डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई है। यह आंकड़ा भारत की मजबूत होती अर्थव्यवस्था और वैश्विक स्तर पर भारतीय कंपनियों की बढ़ती प्रतिष्ठा को दर्शाता है।