सरस्वती साइकिल योजना: जामनीपाली में 59 छात्राओं को मिली साइकिलें, बालिका शिक्षा को मिलेगा प्रोत्साहन - vedantsamachar.in

सरस्वती साइकिल योजना: जामनीपाली में 59 छात्राओं को मिली साइकिलें, बालिका शिक्षा को मिलेगा प्रोत्साहन


जामनीपाली, 14 जुलाई। स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय, जामनीपाली में मंगलवार को राज्य शासन की सरस्वती साइकिल योजना के तहत 59 पात्र छात्राओं को साइकिलों का वितरण किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों ने योजना को बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने और छात्राओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण, दीप प्रज्ज्वलन तथा सरस्वती वंदना के साथ हुआ। विद्यालय के प्राचार्य ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि सरस्वती साइकिल योजना का उद्देश्य छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा उपलब्ध कराना तथा उन्हें नियमित एवं उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करना है।

शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के अध्यक्ष सुनील भटपहरे ने छात्राओं से योजना का पूरा लाभ उठाकर शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने का आह्वान किया। भाजपा युवा मोर्चा के महामंत्री, पार्षद एवं भाजपा नगरीय निकाय प्रकोष्ठ, छत्तीसगढ़ के दुर्ग संभाग प्रभारी नरेन्द्र देवांगन ने कहा कि बालिका शिक्षा समाज के समग्र विकास की आधारशिला है और यह योजना छात्राओं के भविष्य को नई दिशा देने का कार्य करेगी।

मुख्य अतिथि महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि कई क्षेत्रों में आज भी बालिका शिक्षा को अपेक्षित महत्व नहीं मिल पाता है। ऐसे में सरस्वती साइकिल योजना छात्राओं को शिक्षा से जोड़ने, उन्हें आत्मनिर्भर बनाने और उच्च शिक्षा के लिए प्रेरित करने की प्रभावी पहल है। उन्होंने छात्राओं से नियमित अध्ययन कर अपने परिवार, समाज और प्रदेश का नाम रोशन करने की अपील की।

कार्यक्रम में पात्र छात्राओं को साइकिलें वितरित की गईं। साइकिल मिलने पर छात्राओं ने प्रसन्नता व्यक्त की। अंत में जे.पी. साहू ने आभार प्रदर्शन किया। इस अवसर पर ईश्वर साहू, एल्डरमैन मनोज अग्रवाल, मनोज लहरे, एसएमडीसी अध्यक्ष अजय चन्द्रा, पार्षद मुकुंद कंवर, दीपक यादव सहित जनप्रतिनिधि, अभिभावक एवं विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।