रायपुर, 14 जुलाई 2026 (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग को नई अध्यक्ष मिल गई हैं। राज्य शासन द्वारा नियुक्त डॉ. ममता साहू ने मंगलवार को विधिवत रूप से छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष का पदभार ग्रहण किया। राजधानी रायपुर के शास्त्री चौक स्थित राज्य महिला आयोग कार्यालय में आयोजित गरिमामय कार्यक्रम में उन्होंने कार्यभार संभालते हुए महिलाओं के अधिकारों की रक्षा, शिकायतों के त्वरित निराकरण और महिला सशक्तिकरण को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बताया।
पदभार ग्रहण करने के बाद डॉ. ममता साहू ने आयोग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया और सभी से संवेदनशीलता, पारदर्शिता तथा पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की अपेक्षा व्यक्त की। उन्होंने आयोग के विभिन्न कक्षों का निरीक्षण कर कार्यालयीन व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया और कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया।
इस अवसर पर डॉ. ममता साहू ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग महिलाओं को न्याय दिलाने, उनकी शिकायतों का प्रभावी एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने तथा उनके सम्मान और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि आयोग महिलाओं से जुड़े हर मामले में सक्रिय भूमिका निभाएगा और उन्हें सामाजिक, आर्थिक तथा कानूनी रूप से सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि महिला आयोग का उद्देश्य केवल शिकायतों का निराकरण करना ही नहीं, बल्कि महिलाओं में उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना, उन्हें न्याय तक आसान पहुंच उपलब्ध कराना और समाज में सुरक्षित एवं सम्मानजनक वातावरण सुनिश्चित करने की दिशा में प्रभावी पहल करना भी होगा।
डॉ. ममता साहू ने आयोग के अधिकारियों और कर्मचारियों से टीम भावना के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक प्रकरण का निष्पक्ष, पारदर्शी और संवेदनशील तरीके से निराकरण किया जाना चाहिए ताकि पीड़ित महिलाओं को समय पर न्याय मिल सके।
पदभार ग्रहण समारोह में छत्तीसगढ़ हस्तशिल्प विकास बोर्ड की अध्यक्ष श्रीमती शालिनी राजपूत, राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती सरला कोसरिया, नगर निगम रायपुर के पार्षद महेश ध्रुव, दुर्गेश राव, श्रीमती रजनी शेंगडे, जितेन्द्र साहू, कृष्णा साहू, श्रीमती सीमा डहरिया, गीतेश साहू सहित आयोग के सचिव, सहायक संचालक, लेखाधिकारी और अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
नई अध्यक्ष के रूप में डॉ. ममता साहू की नियुक्ति को राज्य में महिला अधिकारों की सुरक्षा, शिकायतों के त्वरित निराकरण और महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। उनसे उम्मीद की जा रही है कि उनके नेतृत्व में छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग महिलाओं से जुड़े मामलों में अधिक प्रभावी, संवेदनशील और जवाबदेह भूमिका निभाएगा।

