- 2020 से 2025 के कार्यों की होगी परत-दर-परत जांच, अधूरे निर्माण, अग्रिम राशि आहरण और वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों की पड़ताल शुरू
करतला/कोरबा, 14 जुलाई (वेदांत समाचार)। जनपद पंचायत करतला की ग्राम पंचायत सरगबुंदिया में वर्ष 2020 से 2025 के दौरान कराए गए विकास कार्यों में कथित वित्तीय अनियमितताओं और अधूरे निर्माण कार्यों की शिकायत पर अब प्रशासन हरकत में आ गया है। शिकायत के आधार पर जिला पंचायत कोरबा द्वारा गठित जांच दल ने जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है। जांच टीम ने पंचायत भवन में संबंधित अभिलेखों की जांच की तथा शिकायतकर्ताओं, पंचायत प्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि विभिन्न मदों से स्वीकृत कई निर्माण कार्यों में लाखों रुपये की अग्रिम राशि का आहरण कर लिया गया, लेकिन कई कार्य या तो शुरू ही नहीं हुए अथवा आज तक अधूरे पड़े हैं। इनमें सबमर्सिबल पंप स्थापना, सीसी सड़क, सामुदायिक शौचालय, पानी टंकी बोर, गेट निर्माण सहित अन्य विकास कार्य शामिल हैं।
शिकायत के बाद जिला पंचायत कोरबा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की थी। समिति में सहायक लेखाधिकारी, सहायक विकास विस्तार अधिकारी तथा सहायक आंतरिक लेखा परीक्षण एवं करारोपण अधिकारी को शामिल किया गया। जांच दल को शिकायत के प्रत्येक बिंदु की जांच कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
जांच अधिकारी द्वारा पूर्व में पंचायत सचिव को संबंधित कार्यों की प्रशासकीय एवं तकनीकी स्वीकृति, कैशबुक, बिल-वाउचर, जियो टैग, मस्टर रोल तथा अन्य अभिलेख प्रस्तुत करने के निर्देश भी जारी किए गए थे। इसके बाद 14 जुलाई को ग्राम पंचायत सरगबुंदिया में जांच की कार्रवाई संपन्न हुई।
अब ग्रामीणों की निगाहें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं। यदि शिकायत में लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों पर कार्रवाई की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता। वहीं प्रशासन का कहना है कि जांच निष्पक्ष होगी और दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

