Facebook पर दोस्ती के बाद महिला को बनाया ब्लैकमेल का शिकार, अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर की उगाही, आरोपी गिरफ्तार - vedantsamachar.in

Facebook पर दोस्ती के बाद महिला को बनाया ब्लैकमेल का शिकार, अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर की उगाही, आरोपी गिरफ्तार

सक्ती, 15 जुलाई (वेदांत समाचार)। सक्ती जिले में सोशल मीडिया के जरिए दोस्ती कर महिला को ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। फेसबुक पर दोस्ती करने के बाद आरोपी ने महिला को अपने प्रेमजाल में फंसाया, फिर उसकी निजी फोटो और वीडियो हासिल कर उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर पैसों की उगाही की। शिकायत मिलने के बाद सक्ती पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता की पहचान फेसबुक के माध्यम से एक युवक से हुई थी। दोनों के बीच लगातार बातचीत होने लगी और आरोपी ने विश्वास में लेकर महिला से उसकी निजी फोटो और वीडियो व्हाट्सएप पर मंगवा लिए। कुछ समय बाद आरोपी ने इन्हीं फोटो और वीडियो का दुरुपयोग करते हुए महिला से पैसों की मांग शुरू कर दी।

जब महिला ने पैसे देने से इनकार किया तो आरोपी ने उसकी निजी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी। बदनामी के डर से पीड़िता ने आरोपी द्वारा बताए गए बैंक खाते में 2,500 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए। इसके बावजूद आरोपी की मांग खत्म नहीं हुई और वह लगातार अधिक पैसे मांगने लगा।

पुलिस के अनुसार, जब पीड़िता ने दोबारा पैसे देने से मना किया तो आरोपी ने उसकी अश्लील फोटो और वीडियो पीड़िता तथा उसके परिजनों के व्हाट्सएप नंबर पर भेज दिए। इससे परेशान होकर महिला ने पूरे मामले की शिकायत थाने में दर्ज कराई।

शिकायत के आधार पर सक्ती पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) और सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कोसले के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और जांच के आधार पर आरोपी मनोज कुमार देवांगन को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

सोशल मीडिया पर सतर्क रहने की अपील

सक्ती पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी अनजान व्यक्ति से दोस्ती करने से बचें। किसी भी व्यक्ति के साथ अपनी निजी फोटो, वीडियो या व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें। यदि कोई व्यक्ति ब्लैकमेल करता है, साइबर ठगी करता है या अश्लील सामग्री वायरल करने की धमकी देता है, तो घबराने के बजाय तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत करें या अपने नजदीकी पुलिस थाने में संपर्क करें।

पुलिस का कहना है कि समय पर शिकायत मिलने पर ऐसे साइबर अपराधियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई कर पीड़ितों को राहत दिलाई जा सकती है।