रायगढ़, 15 जुलाई (वेदांत समाचार)। रायगढ़ जिले के पूंजीपथरा थाना क्षेत्र में सूर्योदय प्लांट के सुरक्षा गार्ड से मोबाइल लूटकर चाकू से हमला करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल, वारदात में प्रयुक्त चाकू, सिम कार्ड तथा बैंक खाते से जुड़े डिजिटल साक्ष्य बरामद किए गए हैं। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पूंजीपथरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले का खुलासा किया। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने न केवल गार्ड से मोबाइल और पर्स लूटा, बल्कि उसके मोबाइल के जरिए फोन-पे खाते से 30 हजार रुपये भी अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए थे।
पुलिस के मुताबिक प्रार्थी कुबेर कुमार यादव (25), निवासी ग्राम ढोढ़ीआरा, थाना तपकरा, जिला जशपुर, वर्तमान में सूर्योदय प्लांट कॉलोनी में सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत है। उसने 14 जुलाई 2026 को थाना पूंजीपथरा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 13 जुलाई की शाम करीब 4:30 बजे वह कंपनी से तुमीडीह बाजार जाने के लिए पैदल निकला था। कंपनी के मुख्य द्वार से लगभग 100 से 200 मीटर आगे पहुंचते ही मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों ने उसे घेर लिया और मोबाइल, पर्स तथा रुपये की मांग की। विरोध करने पर एक आरोपी ने धारदार चाकू से उसके पेट के पास हमला कर दिया। इसके बाद आरोपी उसका करीब 11 हजार रुपये कीमत का वीवो टी-3 एंड्रॉयड मोबाइल और पर्स लूटकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही थाना पूंजीपथरा में अपराध क्रमांक 171/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 309(6) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज कर तत्काल जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि वारदात में शामिल तीन संदिग्ध युवक वेजौन कंपनी, चिराईपानी के पास मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर तीनों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ और पीड़ित द्वारा पहचान किए जाने पर आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद तहसीलदार तमनार की मौजूदगी में शिनाख्ती कार्रवाई पूरी की गई।
पुलिस ने आरोपी कुलदीप सिंह के कब्जे से लूटा गया मोबाइल बरामद किया। वहीं आरोपी जगन्नाथ सोनी उर्फ सोनू की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त चाकू, एक सिम कार्ड तथा पीड़ित के मोबाइल से फोन-पे के जरिए 30 हजार रुपये ट्रांसफर किए जाने से संबंधित बैंक खाते के महत्वपूर्ण साक्ष्य भी जब्त किए गए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुलदीप सिंह (33 वर्ष), निवासी बेला झरिया, थाना मरवाही, जिला गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, वर्तमान पता वेजौन कंपनी क्वार्टर, पूंजीपथरा; जगन्नाथ सोनी उर्फ सोनू (21 वर्ष), निवासी ग्राम कचकोबा, थाना तमनार, वर्तमान पता एनआर इस्पात, देलारी, पूंजीपथरा तथा अनिकेत धनवार (19 वर्ष), निवासी ग्राम कसडोल, थाना तमनार के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि आरोपी कुलदीप सिंह पूर्व में ट्रेलर वाहन चोरी के मामले में भी आरोपी रह चुका है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि लूटपाट जैसे हिंसक अपराध करने वालों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की त्वरित और कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। आम जनता की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले किसी भी अपराधी को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
पूरी कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी और डीएसपी सुशांत बनर्जी के मार्गदर्शन में की गई। अभियान में थाना प्रभारी पूंजीपथरा निरीक्षक रामकिंकर यादव, सहायक उपनिरीक्षक उमाशंकर विश्वाल तथा आरक्षक ओमप्रकाश तिवारी, विनोद शर्मा, शेखर चंद्राकर और नरेंद्र पैंकरा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

