धमतरी, 14 अप्रैल (वेदांत समाचार)। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत धमतरी पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए हेरोइन (चिट्टा) तस्करी के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 56 ग्राम हेरोइन सहित नगद, वाहन और मोबाइल जब्त किए हैं, जिसकी कुल कीमत 16,24,240 रुपये आंकी गई है। कार्रवाई के बाद तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना अर्जुनी क्षेत्र में श्याम तराई फारेस्ट नाका के पास मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक कार में हेरोइन की बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मौके पर दबिश दी और एक मारूति स्विफ्ट कार में सवार आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से करीब 56 ग्राम हेरोइन, दो मोबाइल फोन, नगद राशि और वाहन बरामद किया गया।

इस मामले का मुख्य आरोपी मोहम्मद इस्लामुद्दीन कुरैशी बताया गया है, जो पिछले आठ महीनों से पुलिस की निगरानी में था। आरोपी रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, बालोद और धमतरी सहित कई जिलों में सक्रिय था और पहले भी एनडीपीएस एक्ट से जुड़े मामलों में उसका नाम सामने आ चुका था। वह लगातार मोबाइल नंबर बदलकर पुलिस से बचने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस की सतत निगरानी और मुखबिर तंत्र की सक्रियता से आखिरकार गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि आरोपी का नेटवर्क अंतर्राज्यीय स्तर पर फैला हुआ है। वह पंजाब से ट्रेन के माध्यम से हेरोइन लाकर पिछले डेढ़ से दो वर्षों से छत्तीसगढ़ में इसकी सप्लाई कर रहा था। इस कार्रवाई से ड्रग सप्लाई नेटवर्क की एक महत्वपूर्ण कड़ी को तोड़ने में सफलता मिली है।
जब्त सामग्री में 56 ग्राम हेरोइन की कीमत लगभग 11 लाख रुपये, एक मारूति स्विफ्ट कार की कीमत लगभग 5 लाख रुपये, दो मोबाइल फोन की कीमत करीब 20 हजार रुपये और 4,240 रुपये नगद शामिल हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में निजामुद्दीन कुरैशी (28 वर्ष), अनिता नेताम (37 वर्ष) और मोहम्मद इस्लामुद्दीन कुरैशी (34 वर्ष), सभी निवासी मुसलमानपारा, बालोद शामिल हैं।
पुलिस ने थाना अर्जुनी में अपराध क्रमांक 56/2026 के तहत धारा 21(बी) और 29 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर कार्रवाई की है।
धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नशे के खिलाफ इस अभियान में सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
