Korba Breaking: बेरोजगारी और आर्थिक तंगी से परेशान युवक ने फांसी लगाकर दी जान, पुलिस जांच में जुटी - vedantsamachar.in

Korba Breaking: बेरोजगारी और आर्थिक तंगी से परेशान युवक ने फांसी लगाकर दी जान, पुलिस जांच में जुटी

कोरबा, 15 जुलाई (वेदांत समाचार)। सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत साडा कॉलोनी स्थित नगर निगम कॉलोनी में मंगलवार को एक 34 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान ओमप्रकाश महंत (34) के रूप में हुई है, जो अपने परिवार के साथ साडा कॉलोनी में रहता था। घटना की जानकारी मृतक के छोटे भाई रवि महंत को उनकी भाभी ने फोन पर दी। घर पहुंचने पर उन्होंने ओमप्रकाश को फंदे पर लटका पाया। इसके बाद परिजनों ने तत्काल सिविल लाइन थाना पुलिस को सूचना दी।

परिजनों ने बताया कि ओमप्रकाश पहले बालको में कार्यरत था, लेकिन नौकरी छूटने के बाद वह लंबे समय से बेरोजगार था। रोजगार नहीं मिलने और लगातार आर्थिक तंगी के कारण वह मानसिक तनाव में रहने लगा था। परिजनों के अनुसार जरूरत पड़ने पर परिवार उसकी आर्थिक मदद करता था, लेकिन बेरोजगारी और आर्थिक संकट से वह काफी परेशान था।

कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया तथा परिजनों के बयान दर्ज किए गए हैं।

प्रारंभिक जांच में बेरोजगारी और आर्थिक परेशानियों के कारण मानसिक तनाव की बात सामने आई है। हालांकि पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि आत्महत्या के पीछे कोई अन्य कारण तो नहीं था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।