कोरबा, 15 जुलाई 2026 (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ में रेल यात्रियों को 18 और 19 जुलाई को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) के रायपुर मंडल में भाटापारा-हथबंध रेलवे स्टेशनों के बीच तीसरी लाइन सेक्शन में ऑटो सिग्नलिंग के लिए नॉन-इंटरलॉकिंग (NI) कार्य किए जाने के कारण कुल 8 पैसेंजर और मेमू ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है। इस निर्णय का असर कोरबा, बिलासपुर, रायपुर और गेवरा रोड के बीच यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों पर पड़ेगा।
रेलवे प्रशासन ने बताया कि अधोसंरचना विकास और सुरक्षित रेल संचालन के उद्देश्य से यह कार्य किया जा रहा है। इस दौरान कई महत्वपूर्ण लोकल और पैसेंजर ट्रेनें प्रभावित रहेंगी। यात्रियों से यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी लेने की अपील की गई है।
18 और 19 जुलाई को रद्द रहेंगी ये ट्रेनें
- 19 जुलाई 2026 – गाड़ी संख्या 68728 रायपुर–बिलासपुर मेमू पैसेंजर रद्द।
- 19 जुलाई 2026 – गाड़ी संख्या 68734 बिलासपुर–गेवरा रोड मेमू पैसेंजर रद्द।
- 19 जुलाई 2026 – गाड़ी संख्या 68733 गेवरा रोड–बिलासपुर मेमू पैसेंजर रद्द।
- 18 एवं 19 जुलाई 2026 – गाड़ी संख्या 68719 बिलासपुर–रायपुर मेमू पैसेंजर रद्द।
- 18 एवं 19 जुलाई 2026 – गाड़ी संख्या 58203 कोरबा–रायपुर पैसेंजर रद्द।
- 18 एवं 19 जुलाई 2026 – गाड़ी संख्या 58204 रायपुर–कोरबा पैसेंजर रद्द।
- 18 जुलाई 2026 – गाड़ी संख्या 68746 रायपुर–गेवरा रोड मेमू पैसेंजर रद्द।
- 19 जुलाई 2026 – गाड़ी संख्या 68745 गेवरा रोड–रायपुर मेमू पैसेंजर रद्द।
दो ट्रेनों का संचालन आंशिक रूप से रहेगा प्रभावित
रेलवे प्रशासन के अनुसार, गोंदिया और झारसुगुड़ा के बीच चलने वाली दो मेमू ट्रेनों का संचालन भी आंशिक रूप से प्रभावित रहेगा।
- गाड़ी संख्या 68861 गोंदिया–झारसुगुड़ा मेमू पैसेंजर 18 एवं 19 जुलाई को बिलासपुर स्टेशन से प्रारंभ होगी। यह ट्रेन गोंदिया से बिलासपुर के बीच रद्द रहेगी।
- गाड़ी संख्या 68862 झारसुगुड़ा–गोंदिया मेमू पैसेंजर 18 एवं 19 जुलाई को बिलासपुर स्टेशन पर ही समाप्त होगी। यह ट्रेन बिलासपुर से गोंदिया के बीच रद्द रहेगी।
यात्रियों से अपील
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन का स्टेटस अवश्य जांच लें। एनआई कार्य पूरा होने के बाद ट्रेनों का संचालन सामान्य रूप से बहाल कर दिया जाएगा। कोरबा, बिलासपुर, रायपुर और गेवरा रोड रूट पर यात्रा करने वाले यात्रियों को वैकल्पिक यात्रा व्यवस्था पहले से सुनिश्चित करने की सलाह दी गई है।

