Bilaspur News : ट्रैक्टर पलटने से दो की मौत मामले में चालक गिरफ्तार, हीर्री पुलिस ने न्यायिक रिमांड पर भेजा जेल... - vedantsamachar.in

Bilaspur News : ट्रैक्टर पलटने से दो की मौत मामले में चालक गिरफ्तार, हीर्री पुलिस ने न्यायिक रिमांड पर भेजा जेल…

बिलासपुर, 22 जुलाई (वेदांत समाचार)। बिलासपुर जिले के हिरी थाना क्षेत्र में ट्रैक्टर पलटने से दो लोगों की मौत और कई अन्य के घायल होने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर चालक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दुर्घटना में इस्तेमाल बिना नंबर का ट्रैक्टर इंजन और ट्रॉली भी जब्त कर ली है।

पुलिस के अनुसार, यह हादसा 21 जुलाई 2026 की सुबह करीब 7:30 बजे ग्राम मेड़पार-बाजार स्थित मोतीलाल जायसवाल के खेत में हुआ था। दुर्घटना की सूचना मिलते ही हिरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। हादसे में ट्रैक्टर पलटने से दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए।

घटना की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल दी गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह तथा नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक दामोदर मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने ट्रैक्टर चालक चन्द्रशेखर पटेल (26 वर्ष), निवासी ग्राम मेड़पार-बाजार, थाना हिरी को हिरासत में लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दुर्घटना में प्रयुक्त बिना नंबर का ट्रैक्टर इंजन एवं ट्रॉली जब्त की। जांच में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281, 125(ए) और 105 के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है तथा दुर्घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है। हादसे में घायल लोगों का उपचार जारी है। इस कार्रवाई को हिरी पुलिस की त्वरित और प्रभावी कार्रवाई माना जा रहा है, जिससे दुर्घटना के लिए जिम्मेदार आरोपी को शीघ्र कानून के दायरे में लाया गया।