नई दिल्ली , 22 जुलाई: Zimbabwe Squad for T20 Series vs India: जिम्बाब्वे ने भारत के खिलाफ T20 टीम का ऐलान कर दिया है. जिम्बाब्वे की T20 टीम में 12 महीने बाद वेस्ले मधेवीरे की वापसी होती दिखी है. वहीं दो खिलाड़ियों को T20 टीम में पहली बार मौका मिला है, जिसमें एक तेज गेंदबाज न्यूमैन न्यामुरी हैं तो दूसरे विकेटकीपर बल्लेबाज तफदजवा सिगा. भारत के खिलाफ T20 सीरीज में इंग्लैंड के ऑलराउंडर सैम करन के सगे भाई बेन करन भी खेलते दिखेंगे. वो टीम में अपनी जगह बरकरार रखने में कामयाब रहे हैं.
जिम्बाब्वे की T20 टीम में क्या बदलाव हुए?
जिम्बाब्वे की T20 टीम में वेस्ले मधेवीरे, न्यूमैन न्यामुरी और तफदजवा सिगा की तिकड़ी क्लाइव मडांडे, टिनोटेंजा मपोसा और शिंगा म्यूसकिवा को रिप्लेस करेगी. ये तीनों खिलाड़ी हाल ही में बांग्लादेश के खिलाफ खत्म हुई सीरीज में जिम्बाब्वे टीम का हिस्सा थे.
वेस्ले मधेवीरे ने जिम्बाब्वे के लिए अपना आखिरी T20 मैच पिछले साल जुलाई में खेला था. उनके पास 79 T20I खेलने का अनुभव है, जिसमें उन्होंने 1256 रन बनाने के अलावा 15 विकेट भी चटकाए हैं.टेस्ट और वनडे खेल चुके न्यूमैन न्यामुरी को जिम्बाब्वे के लिए अपना पहला T20 खेलने का इंतजार है. तफदजदा सिगा ने भी इससे पहले सिर्फ टेस्ट ही खेला है. व्हाइट बॉल क्रिकेट के लिए जिम्बाब्वे की टीम में उन्हें पहली बार चुना गया है.
भारत के खिलाफ जिम्बाब्वे की T20 टीम
सिकंदर रजा (कप्तान), ब्रायन बेनेट, रायन बर्ल, टनका चिवांगा, बेन करन, ब्रैड इवान्स , वेस्ले मधेवीरे, तडीवांशे मारूमानी, वेलिंगटन मसकजदा, ब्लेसिंग मुजरबानी, डायन मायर्स, रिचर्ड नगरवा, न्यूमैन न्यामुरी, तफदजवा सिगा और मिल्टन शुंबा.
भारत-जिम्बाब्वे T20 सीरीज का शेड्यूल
भारत और जिम्बाब्वे के बीच 3 T20 मैचों की सीरीज खेली जानी हैैं, जिसकी शुरुआत 23 जुलाई से हो रही है. T20 सीरीज के बाकी दो मुकाबले 25 और 26 जुलाई को खेले जाएंगे. तीनों ही T20I मुकाबलों का आयोजन हरारे के क्रिकेट ग्राउंड पर होगा.

