नई दिल्ली , 22 जुलाई : Glasgow Commonwealth Games 2026 में क्रिकेट को जगह नहीं मिली है. लेकिन, पिछली बार इंग्लैंड के बर्मिंघम शहर में हुए कॉमनवेल्थ खेलों का ये हिस्सा था, जहां पर स्मृति मंधाना ने अपनी दमदार बल्लेबाजी को दम पर भारत को मेडल जिताया था. भारत ने क्रिकेट में सिल्वर मेडल जीता था, जिसमें स्मृति मंधाना के बनाए 159 रनों की बड़ी भूमिका रही थी. भारतीय महिला क्रिकेट टीम को फाइनल में ऑस्ट्रेलिया से हार मिली थी. 23वां कॉमनवेल्थ गेम्स, जो कि ग्लासगो में होने जा रहा है, उसमें क्रिकेट के ना होने से अब भारत का एक मेडल कम हो गया है.
बर्मिंघम CWG में हुआ क्रिकेट, मंधाना ने ठोके थे 159 रन
पिछली बार बर्मिंघम में हुए 22वें कॉमनवेल्थ गेम्स में क्रिकेट को T20 फॉर्मेट में खेला गया था, जिसमें सिर्फ महिला टीमों ने शिरकत किया था. 5 मुकाबलों में 159 रन बनाते हुए स्मृति मंधाना, कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में तीसरी सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज रही थीं. उनसे ज्यादा रन सिर्फ न्यूजीलैंड की सोफी डिवाइन और ऑस्ट्रेलिया की बेथ मूनी ने बनाए थे.
150+ की स्ट्राइक रेट से रन बनाने वाली इकलौती बल्लेबाज
हालांकि, कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 के दौरान स्ट्राइक रेट और अपने जमाए छक्के को लेकर स्मृति सबसे अव्वल रहीं. 100 या उससे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाजों के बीच स्मृति मंधाना का स्ट्राइक रेट कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में सबसे ज्यादा रहा था. सीधे शब्दों में कहें तो वो इकलौती बल्लेबाज थीं, जिनका स्ट्राइक रेट 100 प्लस रन बनाने वालों के बीच 150 से ऊपर था. उन्होंने 151.42 की स्ट्राइक रेट से 159 रन ठोके थे.
स्मृति मंधाना ने ही मारे थे सबसे ज्यादा छक्के
सिर्फ स्ट्राइक रेट ही नहीं, बर्मिंघम में हुए 22वें कॉमनवेल्थ गेम्स के दौरान स्मृति मंधाना सबसे ज्यादा छक्के और सबसे ज्यादा बाउंड्रीज लगाने वाली बल्लेबाज भी रही थीं. उन्होंने 5 मैचों में सबसे ज्यादा 6 छक्के जड़े थे. वहीं उनकी बाउंड्रीज की कुल संख्या 28 थीं, जिसमें 23 चौके थे. स्मृति मंधाना के जमाए चौके की संख्या भी बाकी बल्लेबाजों की तुलना में ज्यादा थीं.

