नई दिल्ली, 22 जुलाई : Men’s Hundred: वनडे सीरीज खत्म होने के बाद भी रोहित शर्मा इंग्लैंड में ही हैं. वो वहां 21 जुलाई से शुरू हुई क्रिकेट लीग द हंड्रेड में नजर आए. रोहित शर्मा मेंस हंड्रेड के ओपनिंग मुकाबले में MI लंदन को सपोर्ट करने स्टेडियम पहुंचे थे. ओपनिंग मैच में MI लंदन का मुकाबला सनराइजर्स लीड्स से था, जिसे उसने धमाकेदार अंदाज में जीता. रोहित शर्मा MI लंदन की उस तूफानी जीत का गवाह बने, जिसमें उसके कप्तान सैम करन और बल्लेबाज निकोलस पूरन ने मिलकर सिर्फ 40 गेंदों में ही रिकॉर्ड बना डाला.
रोहित शर्मा ने देखा द हंड्रेड का मैच
रोहित शर्मा ने पूरा मुकाबला MI लंदन की ऑनर नीता अंबानी के साथ बैठकर देखा, जिसके वीडियो भी सामने आए हैं.
MI लंदन और सनराइजर्स लीड्स के बीच मुकाबला ओवल मैदान पर खेला गया. ओवल पर मैच देखने के लिए पहुंचने की रोहित शर्मा के वीडियो भी MI लंदन ने शेयर किए हैं. ओवल स्टेडियम के बाहर रोहित शर्मा के लिए उनके फैंस का क्रेज भी दिखा. वो उनके साथ फोटो और सेल्फी लेने के लिए बेताब दिखे.
MI लंदन ने सनराइजर्स लीड्स को 7 विकेट से हराया
मुकाबले की बात करें तो MI लंदन ने सनराइजर्स लीड्स को मेंस हंड्रेड 2026 के पहले मुकाबले में 7 विकेट से हराया. मुकाबला 100-100 गेंदों का था. लेकिन, सनराइजर्स लीड्स जब पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी तो वो पूरे 100 गेंद भी नहीं खेल सकी. काव्या मारन की ये टीम 99 गेंदों में 143 रन बनाकर ही ऑलआउट हो गई. सनराइजर्स लीड्स को ऑल आउट करने में MI लंदन के गेंदबाज रिचर्ड ग्लीसन की बड़ी भूमिका रही, जिन्होंने 19 गेंदों में 25 रन देकर 4 विकेट लिए. इसके अलावा उसके कप्तान सैम करन ने 2 विकेट चटकाए.
पूरन और करन ने 40 गेंदों में बनाया रिकॉर्ड
MI लंदन के सामने अब 100 गेदों में 144 रन बनाने की चुनौती थी, जिससे उन्होंने 16 गेंद पहले ही छुटकारा पा लिया. MI लंदन की भी शुरुआत हालांकि खराब रही क्योंकि 44 गेंदों पर जब 51 रन बने थे तभी उसके टॉप 3 बल्लेबाज- विल जैक्स, जेम्स विंस और जेसन रॉय- आउट हो गए. मगर उसके बाद निकोलस पूरन और सैम करन ने मिलकर जो किया, वो कमाल का प्रदर्शन रहा.
निकोलस पूरन और सैम करन ने मिलकर अगली 40 गेंदों में 93 रन की नाबाद पार्टनरशिप करते हुए एक रिकॉर्ड बना डाला. ये MI लंदन की ओर से चौथे विकेट लिए हुए सबसे बड़ी पार्टनरशिप है. निकोलस पूरन ने 22 गेंदों में 263.63 की स्ट्राइक रेट से नाबाद 58 रन जमाए, जिसमें 5 छक्के और 5 चौके शामिल रहे. वहीं सैम करन ने 39 गेंदों पर 3 छक्के और 5 चौके की मदद से नाबाद 60 रन बनाए.
MI लंदन की जीत में POTM बने निकोलस पूरन
पूरन और करन की धमाकेदार पार्टनरशिप की बदौलत मुंबई इंडियंस लंदन ने मुकाबले को 84 गेंदों में ही जीत लिया. उसने 3 विकेट खोकर ही 144 रन का लक्ष्य हासिल कर लिया. MI लंदन की इस तूफानी जीत के हीरो निकोलस पूरन बने, जिन्होंने बल्लेबाजी तो विस्फोटक की ही, उससे पहले 2 जबरदस्त कैच भी पकड़े.

