नई दिल्ली , 22 जुलाई : West Indies vs New Zealand: वेस्टइंडीज ने वनडे सीरीज के 5वें और आखिरी मुकाबले में न्यूजीलैंड को हरा दिया है. वेस्टइंडीज ने ब्रिजटाउन में खेला 5वां वनडे 2 विकेट से जीता. वेस्टइंडीज ने मैच जीता तो न्यूजीलैंड ने सीरीज. न्यूजीलैंड की टीम पहले ही 3 वनडे जीतकर सीरीज में अजेय बढ़त ले चुकी थी. ऐसे में 5वें वनडे हारने के बाद भी उसके सीरीज जीत के नतीजे पर असर नहीं पड़ा. वेस्टइंडीज के लिए 5वें वनडे में शिमरोन हेटमायर और शरफेन रदरफोर्ड ने कमाल की पारी खेली. दोनों ने मिलकर 90 गेंदों पर जो पार्टनरशिप की, उसने ना सिर्फ मैच की रंगत बदली बल्कि वेस्टइंडीज को जीत भी दिला दी.
5वें वनडे में न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी का हाल
5वें वनडे में न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी की और 50 ओवर में 9 विकेट पर 268 रन का स्कोर खड़ा किया. न्यूजीलैंड की तरफ से 3 अर्धशतक लगे. ओपनर विल यंग ने 56 रन बनाए. निक केली ने 64 रन तो टॉम लैथम ने 69 रन की पारी खेली. अपना 300वां इंटरनेशनल मैच खेल रहे न्यूजीलैंड के ऑलराउंडर कप्तान मिचेल सैंटनर ने इस मुकाबले में ज्यादा कुछ नहीं किया. चौथे वनडे में जीत के हीरो बने सैंटनर 5वें वनडे में सिर्फ 13 रन ही बना सके.
हेटमायर-रदरफोर्ड ने मिलकर न्यूजीलैंड टीम से ज्यादा मारे छक्के
वेस्टइंडीज को 269 रन का लक्ष्य मिला, जिसे उसने 15 गेंद पहले ही चेज कर लिया. वेस्टइंडीज ने 47.3 गेंदो पर ही मुकाबला जीत लिया, जो कि रदरफोर्ड और हेटमायर के बीच हुई पार्टनऱशिप का कमाल रहा. वेस्टइंडीज के लिए इन दोनों बल्लेबाजों ने 90 गेंदों पर 95 रन की जुझारू पार्टनरशिप की. दोनों ने मिलकर मैच ने 9 छक्के लगाए जो कि 5वें वनडे में न्यूजीलैंड की पूरी टीम के लगाए छक्कों से ज्यादा रहे.
हेटमायर-रदरफोर्ड का अर्धशतक, 95 रन की पार्टनरशिप
शिमरोन हेटमायर ने आखिर तक नाबाद रहते हुए 64 गेंदों पर 69 रन बनाए, जिसमें 4 छक्के और 2 चौके शामिल रहे. वहीं शरफेन रदरफोर्ड ने 5 छक्के और 2 चौके के साथ 58 गेंदों पर 61 रन बनाए. हेटमायर को उनके प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच भी दिया गया.
न्यूजीलैंड ने 3-2 से जीती सीरीज
हेटमायर और रदरफोर्ड की दमदार बल्लेबाजी की बदौलत वेस्टइंडीज ने 5वां वनडे अपने नाम किया. वहीं, न्यूजीलैंड सीरीज में अपनी दूसरी हार के बाद 3-2 से सीरीज जीतने में कामयाब हुआ.

