रायपुर रैली हिंसा: घायल 16 पुलिस जवानों से अस्पताल में मिले पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला, उपचार का लिया जायजा - vedantsamachar.in

रायपुर रैली हिंसा: घायल 16 पुलिस जवानों से अस्पताल में मिले पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला, उपचार का लिया जायजा

रायपुर, 22 जुलाई 2026 (वेदांत समाचार)। राजधानी रायपुर में आयोजित एक रैली के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल पर हुए पथराव और बोतलबाजी की घटना में घायल हुए 16 पुलिस जवानों का हालचाल जानने पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने भर्ती जवानों से मुलाकात कर उनका हाल जाना और चिकित्सकों से उनके स्वास्थ्य एवं उपचार की विस्तृत जानकारी ली। साथ ही सभी घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश देते हुए उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

जानकारी के अनुसार, रैली के दौरान पुलिस द्वारा सुरक्षा व्यवस्था के तहत बैरिकेडिंग कर भीड़ को नियंत्रित किया जा रहा था। इसी दौरान कुछ लोगों ने अचानक पुलिस बल पर पत्थर और बोतलें फेंकना शुरू कर दिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस घटना में ड्यूटी पर तैनात 16 पुलिस जवान घायल हो गए। घायलों में एक महिला आरक्षक भी शामिल हैं, जबकि दो पुलिसकर्मियों को गंभीर चोटें आई हैं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला अस्पताल पहुंचे और घायल जवानों का हौसला बढ़ाया। उन्होंने डॉक्टरों से प्रत्येक घायल की स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी लेकर समुचित उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ड्यूटी के दौरान पुलिस जवानों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी घायलों को आवश्यक चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

घायल जवान कलेश्वर वर्मा ने बताया कि बैरिकेडिंग के दौरान भीड़ के बीच फंस जाने के कारण उन्हें सांस लेने में तकलीफ होने लगी, जिसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं प्रशिक्षु उप निरीक्षक (पीएसआई) देवराज सिंह के सिर पर बोतल लगने से गंभीर चोट आई है। उनका इलाज चिकित्सकों की निगरानी में जारी है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अन्य घायल आरक्षकों को प्राथमिक उपचार देने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। गंभीर रूप से घायल जवानों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

अस्पताल में पुलिस कमिश्नर के साथ पुलिस उपायुक्त (मध्य) तारकेश्वर पटेल, एसीपी नीलेश द्विवेदी, टीआई राजेश मरई सहित पुलिस विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने घायलों का हालचाल जानने के साथ उपचार व्यवस्था की भी समीक्षा की।

रैली के दौरान हुई इस घटना के बाद पुलिस ने पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है। कानून-व्यवस्था भंग करने और पुलिस बल पर हमला करने वाले असामाजिक तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।