Raipur : एक बाइक पर चार युवकों की सवारी पड़ी भारी, ट्रैफिक पुलिस ने काटा ₹4,500 का चालान, दी सख्त चेतावनी - vedantsamachar.in

Raipur : एक बाइक पर चार युवकों की सवारी पड़ी भारी, ट्रैफिक पुलिस ने काटा ₹4,500 का चालान, दी सख्त चेतावनी

रायपुर, 22 जुलाई 2026 (वेदांत समाचार)। राजधानी रायपुर में यातायात नियमों की अनदेखी कर एक ही दोपहिया वाहन पर चार युवकों के सवार होकर सड़क पर चलने का मामला सामने आया है। यातायात पुलिस ने इस गंभीर लापरवाही पर त्वरित कार्रवाई करते हुए वाहन चालक के खिलाफ मोटरयान अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत ₹4,500 का चालान किया। साथ ही युवकों और उनके परिजनों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए भविष्य में ऐसी गलती दोबारा न करने की सख्त समझाइश भी दी गई।

जानकारी के अनुसार, भांठागांव चौक पर ड्यूटी के दौरान तैनात प्रधान आरक्षक संतोष चंद्राकर ने एक दोपहिया वाहन पर चार युवकों को सवार होकर यातायात नियमों का उल्लंघन करते देखा। उन्होंने तत्काल इसकी जानकारी यातायात विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को दी। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (यातायात) डॉ. अर्चना झा के निर्देश पर संबंधित युवकों को यातायात कार्यालय रायपुर बुलाया गया।

पूछताछ और दस्तावेजों के सत्यापन के बाद वाहन क्रमांक CG 04 LE 9849 के चालक नैतिक गवली, पिता शंकर गवली, निवासी बैरन, रायपुर के खिलाफ मोटरयान अधिनियम की धारा 4/181, 5/180, 184 और 128/194(C) के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई। इस दौरान चालक पर कुल ₹4,500 का चालान लगाया गया।

यातायात पुलिस ने चारों युवकों एवं उनके परिजनों को सार्वजनिक सड़कों पर स्टंटबाजी, ओवरलोडिंग और यातायात नियमों के उल्लंघन से होने वाले गंभीर सड़क हादसों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इस तरह की लापरवाही न केवल वाहन सवारों की जान को खतरे में डालती है, बल्कि अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं के लिए भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है।

यातायात पुलिस, रायपुर ने आम नागरिकों, विशेषकर युवाओं से अपील की है कि वे सड़क पर स्टंटबाजी, ओवरलोडिंग और अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन से बचें। पुलिस ने कहा कि सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी नागरिकों का सहयोग आवश्यक है। नियमों का पालन कर ही सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है।