Raipur Crime News: नवापारा में गांजा बेचते 3 तस्कर गिरफ्तार, 59,500 रुपये का सामान जब्त - vedantsamachar.in

Raipur Crime News: नवापारा में गांजा बेचते 3 तस्कर गिरफ्तार, 59,500 रुपये का सामान जब्त

रायपुर, 21 जुलाई (वेदांत समाचार)। रायपुर ग्रामीण पुलिस ने नशे के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत बड़ी कार्रवाई की है। गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र के शीतला पारा स्थित हनुमान मंदिर चबूतरा के पास अवैध रूप से गांजा बेच रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 550 ग्राम गांजा, 2 हजार रुपये की बिक्री राशि और तीन मोबाइल फोन समेत कुल 59,500 रुपये का सामान जब्त किया है।

नगर पुलिस अधीक्षक अटल नगर नवा रायपुर के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी गोबरा नवापारा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि शीतला पारा इलाके में तीन युवक कैरी बैग में गांजा रखकर उसकी बिक्री कर रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना पुलिस, साइबर सेल की टीम और गवाहों के साथ मौके पर पहुंची तथा घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को पकड़ लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपनी पहचान ईशाक रिजवी (26 वर्ष), सोमनाथ साहू (27 वर्ष) और निखिल साहू (21 वर्ष) निवासी नवापारा, जिला रायपुर के रूप में बताई। तलाशी लेने पर उनके पास मौजूद पीले रंग के कैरी बैग से पॉलीथीन में रखा 550 ग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके अलावा गांजा बिक्री से प्राप्त 2,000 रुपये नकद और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए। जब्त सामग्री की कुल कीमत 59,500 रुपये आंकी गई है।

पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना गोबरा नवापारा में अपराध क्रमांक 210/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के अंतर्गत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर रायपुर न्यायालय भेज दिया गया।

रायपुर ग्रामीण पुलिस ने कहा है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

इस कार्रवाई में थाना गोबरा नवापारा के उपनिरीक्षक हेमंत यादव, पीएसआई जागेश्वर सिंह, टंकेश्वर, आरक्षक हुलास, सनत पाल, टीकम साहू, साइबर सेल के राकेश सोनी, गौरी शंकर साहू सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।