रायपुर में स्कूटी में आग लगाने से युवक की मौत का खुलासा, गैर-इरादतन हत्या के आरोप में दोस्त गिरफ्तार - vedantsamachar.in

रायपुर में स्कूटी में आग लगाने से युवक की मौत का खुलासा, गैर-इरादतन हत्या के आरोप में दोस्त गिरफ्तार

रायपुर, 21 जुलाई (वेदांत समाचार)। राजधानी रायपुर के सरस्वती नगर थाना क्षेत्र में स्कूटी में आग लगाने के दौरान युवक की मौत के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि आरोपी ने गुस्से में अपनी ही स्कूटी में आग लगा दी थी। आग से उसे रोकने की कोशिश कर रहा उसका दोस्त गंभीर रूप से झुलस गया और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 105 के तहत गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, थाना सरस्वती नगर में दर्ज मर्ग क्रमांक 25/26 की जांच के दौरान मृतक साकिब रजा के परिजनों और उसके साथियों के बयान दर्ज किए गए। विवेचना में मिले साक्ष्यों और गवाहों के बयानों से पता चला कि आरोपी मुकेश निषाद ने अपनी ओला स्कूटी (सीजी 04 क्यूजेड 2338) 12 जुलाई 2026 को अपने मित्र साकिब रजा को चलाने के लिए दी थी। इस बात को लेकर आरोपी की मां ने उसे काफी डांट-फटकार लगाई, जिससे वह नाराज और आक्रोशित हो गया।

जांच में यह भी सामने आया कि इसके बाद मुकेश निषाद अपने दोस्तों के साथ मोटरसाइकिल से कोटा स्थित सुयश अस्पताल के सामने मैदान पहुंचा। गुस्से में उसने अपनी स्कूटी पर पेट्रोल डालकर आग लगाने का प्रयास किया। इसी दौरान साकिब रजा ने उसे रोकने की कोशिश की और स्कूटी के ऊपर लेट गया ताकि वाहन में आग न लगाई जा सके।

पुलिस के मुताबिक, साकिब रजा के रोकने के बावजूद आरोपी ने स्कूटी में आग लगा दी। आग की चपेट में आने से स्कूटी के साथ साकिब रजा भी गंभीर रूप से झुलस गया। उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान 17 जुलाई 2026 को डीकेएस अस्पताल, रायपुर में उसकी मौत हो गई।

मर्ग जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य तथ्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी के कृत्य को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 105 के तहत गैर-इरादतन हत्या का अपराध पाया। इसके बाद थाना सरस्वती नगर में अपराध क्रमांक 153/26 दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू की गई।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन और थाना प्रभारी सरस्वती नगर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मुकेश निषाद (21 वर्ष), निवासी रामजी हलवाई गली, रामसागर पारा, थाना आजाद चौक, रायपुर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।