बैतूल,11 जून । मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के मुलताई नगर में सेप्टिक टैंक निर्माण के दौरान एक हृदयविदारक हादसा हो गया। जहरीली गैस और दम घुटने की आशंका के बीच टैंक में उतरे दो सगे भाइयों की मौत हो गई, जबकि उन्हें बचाने की कोशिश में शामिल एक अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई और अस्पताल में लोगों की भारी भीड़ जुट गई। जानकारी के अनुसार, मुलताई के भगतसिंह वार्ड स्थित एक मकान में सेप्टिक टैंक का निर्माण कार्य चल रहा था। बुधवार शाम काम के दौरान संजय पंवार (30) टैंक के अंदर उतरा, लेकिन काफी देर तक बाहर नहीं आया। जब उसका कोई पता नहीं चला तो बड़ा भाई विजय पंवार (38) उसे देखने के लिए टैंक में उतरा, लेकिन वह भी बाहर नहीं लौट सका।
दोनों भाइयों के बाहर नहीं आने पर उनके साथ काम कर रहे मुकेश परिहार ने टैंक में झांककर देखा तो दोनों अचेत अवस्था में पड़े मिले। उसने शोर मचाकर लोगों को बुलाया, लेकिन इस दौरान वह भी बेहोश हो गया। आसपास के लोगों ने तत्काल तीनों को बाहर निकालकर मुलताई के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने विजय और संजय को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर हालत में मुकेश को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया। प्रारंभिक आशंका है कि लंबे समय से बंद पड़े सेप्टिक टैंक में जहरीली गैस जमा होने से दम घुटने की यह घटना हुई।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

