IND vs ZIM: टीम इंडिया की जीत के 2 हीरो, आयरलैंड-इंग्लैंड में खूब उड़ी धज्जियां, अब खुद बरपाया कहर - vedantsamachar.in

IND vs ZIM: टीम इंडिया की जीत के 2 हीरो, आयरलैंड-इंग्लैंड में खूब उड़ी धज्जियां, अब खुद बरपाया कहर

नई दिल्ली, 26 जुलाई : आखिरकार टीम इंडिया ने वैसा प्रदर्शन करके दिखा दिया, जो साबित करता है कि वो ही मौजूदा टी20 वर्ल्ड चैंपियन है. आयरलैंड और इंग्लैंड में टीम इंडिया की जो दुर्दशा हुई, उसने हर क्रिकेट फैन को झकझोर दिया और गुस्से से भर दिया. टीम भी सवालों के घेरे में आई और कुछ खिलाड़ी खास तौर पर हर किसी की आलोचना का शिकार बने. मगर अब टीम इंडिया ने जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज जीतकर कुछ भरपाई की है और इसकी वजह 2 ऐसे बल्लेबाज बने, जो हर किसी के निशाने पर थे- ईशान किशन और तिलक वर्मा.

भारतीय टीम ने हरारे में मेजबान जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज के शुरुआती दोनों मैच जीत लिए और इस तरह 3 मैच की सीरीज को पहले ही अपने कब्जे में कर लिया. सीरीज का दूसरा मैच शनिवार 25 जुलाई को खेला गया, जिसमें टीम इंडिया ने 90 रन से बड़ी जीत दर्ज की. इस मुकाबले में टीम इंडिया ने 219 रन का जबरदस्त स्कोर खड़ा किया और यहां तक पहुंचाने में ईशान और तिलक ही सबसे अहम साबित हुए, जिसके बाद गेंदबाजों ने जिम्बाब्वे को सिर्फ 129 रन पर समेट दिया.

दूसरे मैच में खूब बरसे ईशान और तिलक
इस मैच में टीम इंडिया ने तेज शुरुआत के बावजूद सिर्फ 29 रन पर 2 विकेट गंवा दिए थे. ऐसे वक्त में ही ईशान शर्मा ने क्रीज पर आकर स्कोर को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी उठाई. ईशान ने दबाव में आने के बजाए काउंटर अटैक का रास्ता अपनाया और जिम्बाब्वे के गेंदबाजों पर हमला बोल दिया. आखिरकार सिर्फ 44 गेंदों पर 81 रन की बेहतरीन पारी खेलकर वो आउट हुए, जिसमें 9 चौके और 2 छक्के थे.

ईशान के बाद ऐसा ही काम तिलक वर्मा ने किया. टीम के उप-कप्तान तिलक की टीम इंडिया में मौजूदगी पर लगातार सवाल उठ रहे थे लेकिन फिर से पांचवें नंबर पर आकर तिलक ने सिर्फ 29 गेंदों में 60 रन बनाए. वो अंत तक टिके रहे, जिसके दम पर टीम 219 रन तक पहुंच पाई . तिलक की पारी में 5 चौके और 3 छक्के शामिल थे. ईशान और तिलक की ये पारियां ही थीं, जिसने टीम इंडिया के स्कोर को जिम्बाब्वे की पहुंच से दूर कर दिया.

पहले मैच में भी खेली थी अहम पारी
सिर्फ टीम ही नहीं, बल्कि निजी तौर पर इन दोनों बल्लेबाजों के लिए भी ये मैच और सीरीज जरूरी साबित हुई. पहले मैच में तिलक तो को कुछ खास करने का मौका नहीं मिला क्योंकि उनके क्रीज पर आने तक टीम जीत चुकी थी लेकिन ईशान ने उसमें जरूरी किरदार अदा किया था. पहले मैच में अभिषेक शर्मा के तीसरे ओवर में आउट होने के बाद ईशान क्रीज पर उतरे थे और उन्होंने इस दौरान वैभव सूर्यवंशी का बखूबी साथ दिया था, जो ताबड़तोड़ बैटिंग कर रहे थे. उस वक्त भी इस विकेटकीपर-बल्लेबाज ने 24 गेंदों में 35 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली और कप्तान अय्यर के साथ मिलकर 46 रन की मैच जिताऊ साझेदारी की.