नई दिल्ली, 26 जुलाई : वेस्टइंडीज और पाकिस्तान के बीच त्रिनिदाद के ब्रायन लारा क्रिकेट स्टेडियम पर शुरू हुए पहले टेस्ट के पहले दिन सिर्फ 67 ओवर का ही खेल हो सका. टेस्ट मैच में पहले दिन का खेल पूरा ना होने की वजह खराब रोशनी रही. खराब रोशनी के चलते जब खेल को रोका गया और उसके खत्म होने का आधिकारिक ऐलान हुआ, उस वक्त वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 3 विकेट पर 194 रन बना लिए थे. कावेम हॉड्ज और शे होप पहले दिन के खेल में नाबाद लौटे.
पहले बारिश, फिर खराब रोशनी… नहीं हो सका पूरा खेल
वेस्टइंडीज और पाकिस्तान के बीच टेस्ट मैच के पहले सेशन में बारिश के चलते सिर्फ 14.1 ओवर ही फेंका जा सका. दूसरा सेशन के खेल तक 43 ओवर फेंके जा चुके थे. वहीं तीसरे सेशन में वक्त से पहले ही मैच को रोकना पड़ा क्योंकि खराब रोशनी रोड़ा बन गई.
पहली बार ऐसा करने के करीब ये खिलाड़ी
पहले दिन हॉज 83 रन और होप 39 रन बनाकर नाबाद रहे. दूसरे दिन के खेल में ये दोनों बल्लेबाज अपनी इनिंग को वहीं से शुरू करेंगे जहां पर पहले दिन छोड़ा था. कावेल हॉज अगर शतक पूरा करते हैं तो वो उनके टेस्ट करियर की तीसरी सेंचुरी होगी. वो पहले ही एक शतक इंग्लैंड और एक न्यूजीलैंड के खिलाफ लगा चुके हैं.
ब्रायन लारा क्रिकेट स्टेडियम पर पहली बार खेले जा रहे टेस्ट मैच में कावेम हॉज अगर शतक पूरा करते हैं, तो इस ग्राउंड पर ऐसा करने वाले वो पहले होंगे. इतना ही नहीं, ये पाकिस्तान के खिलाफ उनका पहला टेस्ट शतक होगा. सबसे बड़ी बात कि वो अपने करियर में पहली बार घरेलू जमीन पर खेले टेस्ट में शतक पूरा करते दिखेंगे.
होप और हॉज अब दूसरे दिन पाक की बढ़ा सकते हैं मुश्किल
टेस्ट मैच में वेस्टइंडीज ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया. वेस्टइंडीज की शुरुआत अच्छी नहीं रही, सिर्फ 13 रन पर ही पाकिस्तान ने उसे पहला झटका दे दिया. मोहम्मद अब्बास ने पाक टीम को ये सफलता दिलाई. उसके बाद दूसरे और तीसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी हुई. टीम की सबसे बड़ी पार्टनरशिप शे होप और कावेम हॉज के बीच चौथे विकेट के लिए देखने को मिली है. खराब रोशनी के चलते पहले दिन का खेल खत्म होने तक इन दोनों ने 88 रन स्कोर बोर्ड में जोड़े थे. उम्मीद है दूसरे दिन ये अपनी पार्टनरशिप को और बड़ा रुप देकर पाकिस्तान के लिए मुश्किलें बढ़ाने का काम करते दिखेंगे.

