IND W vs PAK W: इंग्लैंड का मैदान और जून का महीना… भारत-पाकिस्तान मैच में स्मृति मंधाना के पास नंबर 1 बनने का मौका - vedantsamachar.in

IND W vs PAK W: इंग्लैंड का मैदान और जून का महीना… भारत-पाकिस्तान मैच में स्मृति मंधाना के पास नंबर 1 बनने का मौका

नई दिल्ली,11 जून : Smriti Mandhana, Women’s T20 World Cup 2026: भारतीय टीम महिला T20 वर्ल्ड कप 2026 में अपने अभियान की शुरुआत 14 जून से करने वाली है. पाकिस्तान के खिलाफ महामुकाबले से ये अभियान शुरू होगा. ये भारत-पाकिस्तान मैच स्मृति मंधाना के लिए नंबर 1 बनने का भी मौका होगा. स्मृति दोनों देशों के बीच T20 मुकाबलों में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में नंबर 1 बन सकती है. भारत-पाकिस्तान T20 मैच में उनके नंबर 1 बनने की आहट अधिक है क्योंकि मुकाबला इंग्लैंड के मैदान पर और जून के महीने में है.

भारत-पाक T20I में सबसे ज्यादा रन
भारत-पाकिस्तान के बीच खेले T20 मुकाबलों में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में स्मृति मंधाना फिलहाल तीसरे नंबर पर हैं. उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ अब तक खेले 10 T20 में 239 रन बनाए हैं. इस मामले में दूसरा स्थान पाकिस्तान की पूर्व कप्तान रहीं बिस्माह माहरूफ का है, जिन्होंने 14 मैचों में 248 रन बनाए हैं. वहीं नंबर 1 पर फिलहाल मिताली राज हैं, जिन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ 10 T20I में 315 रन बनाए हैं.

स्मृति मंधाना के पास नंबर 1 बनने का मौका
अब मिताली राज और बिस्माह माहरूफ तो रिटायर हो चुकीं हैं. ऐसे में तीसरे नंबर पर मौजूद स्मृति मंधाना के पास 14 जून को दोनों को पीछे छोड़कर नंबर 1 बनने का मौका है. स्मृति मंधाना को नंबर 1 बनने के लिए बस 77 रन की दरकार है. अब आप कहेंगे कि स्मृति के लिए पाकिस्तान के खिलाफ 77 रन बनाकर नंबर 1 बनना क्या संभव है? अगर ये आसान नहीं तो मुश्किल भी नहीं है. खासकर तब जब मुकाबला इंग्लैंड के मैदान और जून के महीने में हो.

इंग्लैंड का मैदान, जून का महीना, नंबर 1 बनेंगी मंधाना!
स्मृति मंधाना ने T20 इंटरनेशनल में अपना सबसे बड़ा स्कोर या यूं कहें कि पहला शतक इंग्लैंड के मैदान पर जून के ही महीने में पिछले साल बनाया था. वो मुकाबला नॉटिंघम में था और इस बार महिला T20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान से भिड़ंत एजबेस्टन पर है. मगर महीना वही जून का है. ऐसे में स्मृति से उस इतिहास को दोहराने की उम्मीद की जा सकती है. अगर ऐसा होता है तो फिर 14 जून को होने वाले भारत- पाक मैच के बाद स्मृति मंधाना दोनों देशों के बीच खेले T20I में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी तो बनेंगी ही, साथ ही भारत को भी जीत मिलती दिख सकती है.