रायपुर, 26 जुलाई (वेदांत समाचार)। राजधानी रायपुर में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा अपराधियों में पुलिस का खौफ कायम रखने के उद्देश्य से रविवार को पुलिस कमिश्नरेट रायपुर ने गुढ़ियारी थाना क्षेत्र में विशेष सघन पैदल गश्त और फ्लैग मार्च निकाला। अभियान का नेतृत्व पुलिस उपायुक्त (उत्तर जोन) दीपमाला कश्यप ने किया। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आदित्य पांडे और सहायक पुलिस आयुक्त पूर्णिमा लामा भी पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने गुढ़ियारी थाना क्षेत्र के प्रमुख मार्गों, बाजारों, गली-मोहल्लों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और संवेदनशील स्थानों का पैदल भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिस टीम ने संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन जांच की तथा क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों और आदतन बदमाशों पर विशेष निगरानी रखी। साथ ही उनके संबंध में आवश्यक जानकारी भी जुटाई गई।
अभियान के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को लगातार सतर्क रहकर प्रभावी गश्त करने तथा असामाजिक तत्वों और अपराधियों के खिलाफ कठोर एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य क्षेत्र में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना और आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना रहा।

विशेष अभियान के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई। पुलिस ने उरला थाना क्षेत्र में 5, गुढ़ियारी थाना क्षेत्र में 2 तथा खम्हारडीह थाना क्षेत्र में 1 व्यक्ति के खिलाफ धारा 170 के तहत कुल 8 प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। इसके अलावा आबकारी अधिनियम के तहत 35 मामलों में कार्रवाई की गई, जबकि कोटपा अधिनियम के तहत 8 लोगों पर चालानी कार्रवाई की गई।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और जनप्रतिनिधियों से भी संवाद किया। उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं और उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए अपील की कि यदि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या असामाजिक तत्व की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
पुलिस कमिश्नरेट रायपुर ने स्पष्ट किया है कि अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए ऐसे विशेष अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे। इसका उद्देश्य शहर में शांतिपूर्ण, सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण बनाए रखना तथा अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करना है।

