सारंगढ़-बिलाईगढ़ में मूसलाधार बारिश से हालात बिगड़े, दूसरे स्थान पर भी बाढ़ में फंसे बुजुर्ग को निकालने का प्रयास
राजेश यादव,सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच रविवार को दो अलग-अलग स्थानों पर बाढ़ से जुड़े हादसों की खबर सामने आई है। सारंगढ़-बरमकेला मार्ग स्थित माधोपाली के लात नाला पुल पर तेज बहाव के बीच एक कार बह गई, जबकि गोमर्डा अभ्यारण्य क्षेत्र के घठोरा गांव के पास एक बुजुर्ग के भी बाढ़ के पानी में फंसने की सूचना है। दोनों स्थानों पर पुलिस और प्रशासन की टीम राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार, सारंगढ़ जनपद पंचायत क्षेत्र के ग्राम पंचायत घोठला बड़े के पूर्व सरपंच देवनारायण पटेल अपनी पत्नी के साथ कार से जा रहे थे। माधोपाली स्थित लात नाला पुल पार करने के दौरान पानी का बहाव अधिक होने से कार अनियंत्रित होकर बह गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे में देवनारायण पटेल लापता हो गए हैं, जबकि उनकी पत्नी को सुरक्षित निकाल लिया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। अमझर पुल के आसपास रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। पुलिस, एसडीआरएफ तथा स्थानीय ग्रामीणों की मदद से देवनारायण पटेल की तलाश लगातार जारी है। घटना के बाद क्षेत्र में चिंता का माहौल है और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर मौजूद हैं।
इधर, सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के वनांचल क्षेत्र स्थित गोमर्डा अभ्यारण्य के अंतर्गत ग्राम घठोरा के लात नाला में एक बुजुर्ग के बाढ़ के पानी में फंसे होने की सूचना मिली है। सूचना पर कनकबीरा थाना प्रभारी टीकाराम खटकर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से बुजुर्ग को सुरक्षित निकालने का प्रयास किया जा रहा है।
समाचार लिखे जाने तक दोनों स्थानों पर राहत एवं बचाव कार्य जारी था। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि भारी बारिश के दौरान उफनते नालों और पुल-पुलियों को पार करने का प्रयास न करें तथा सतर्कता बरतें।

