Golden Impact Achiever Awards-3: समाज बदलने वाले गुमनाम नायकों के लिए निःशुल्क नामांकन शुरू, शिक्षा, भूखमुक्त समाज और स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में मिलेगा राष्ट्रीय सम्मान - vedantsamachar.in

Golden Impact Achiever Awards-3: समाज बदलने वाले गुमनाम नायकों के लिए निःशुल्क नामांकन शुरू, शिक्षा, भूखमुक्त समाज और स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में मिलेगा राष्ट्रीय सम्मान

इंदौर, 25 जुलाई। समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाले गुमनाम नायकों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से ‘2030 का भारत’ संस्था ने गोल्डन इम्पैक्ट अचीवर अवॉर्ड्स-3 (GIAA-3) के लिए निःशुल्क नामांकन प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह सम्मान उन व्यक्तियों को दिया जाएगा, जिन्होंने क्वालिटी एजुकेशन (गुणवत्तापूर्ण शिक्षा), जीरो हंगर (भूखमुक्त समाज) और अफोर्डेबल एंड क्लीन एनर्जी (सस्ती एवं स्वच्छ ऊर्जा) के क्षेत्र में उल्लेखनीय और प्रेरणादायी योगदान दिया है।

संस्था का उद्देश्य उन लोगों को राष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराना है, जो बिना किसी प्रचार-प्रसार या व्यक्तिगत पहचान की अपेक्षा के वर्षों से समाज के उत्थान के लिए समर्पित होकर कार्य कर रहे हैं। ऐसे परिवर्तनकर्ताओं के कार्यों को सामने लाने और उन्हें सम्मानित करने के लिए गोल्डन इम्पैक्ट अचीवर अवॉर्ड्स का आयोजन किया जा रहा है।

‘2030 का भारत’ के फाउंडर डॉ. अतुल मलिकराम ने कहा कि देश का वास्तविक विकास केवल सरकारी योजनाओं और नीतियों से नहीं होता, बल्कि उन लोगों के प्रयासों से होता है जो दूसरों के जीवन में बदलाव लाने का संकल्प लेकर लगातार कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि गोल्डन इम्पैक्ट अचीवर अवॉर्ड्स ऐसे ही सच्चे समाजसेवियों और परिवर्तनकर्ताओं को सम्मानित करने का एक प्रयास है, ताकि उनके कार्यों से समाज के अन्य लोग भी प्रेरणा ले सकें।

उन्होंने बताया कि यह पुरस्कार का तीसरा संस्करण है। इससे पहले आयोजित दो संस्करणों में सात हिंदीभाषी राज्यों के 21 समाजसेवियों और परिवर्तनकर्ताओं को उनके उत्कृष्ट सामाजिक योगदान के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जा चुका है।

आयोजन समिति ने सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं और आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके संज्ञान में कोई ऐसा व्यक्ति है, जो शिक्षा, भूखमुक्त समाज या स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रहा है, तो उसका नामांकन अवश्य भेजें। सभी प्राप्त नामांकनों का विशेषज्ञ समिति द्वारा मूल्यांकन किया जाएगा और चयनित व्यक्तियों को गोल्डन इम्पैक्ट अचीवर अवॉर्ड्स-3 से सम्मानित किया जाएगा।

संस्था ने स्पष्ट किया है कि नामांकन प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क है, ताकि अधिक से अधिक योग्य और प्रेरणादायी व्यक्तियों को इस राष्ट्रीय सम्मान से जोड़ने का अवसर मिल सके। यह पहल समाज में सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में कार्य कर रहे गुमनाम नायकों को पहचान देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।