सनसनीखेज मामला: प्रशासनिक बैठक के बाद महिला पटवारी लापता, मोबाइल स्विच ऑफ, पुलिस ने शुरू की तलाश - vedantsamachar.in

सनसनीखेज मामला: प्रशासनिक बैठक के बाद महिला पटवारी लापता, मोबाइल स्विच ऑफ, पुलिस ने शुरू की तलाश

रतलाम। मध्य प्रदेश के रतलाम जिला मुख्यालय से लगभग 100 किलोमीटर दूर आलोट तहसील से एक महिला पटवारी के लापता होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। प्रशासनिक बैठक में शामिल होने के बाद महिला पटवारी अपने निवास पहुंचीं, लेकिन देर रात से उनका कोई पता नहीं चला। परिजनों की शिकायत पर आलोट थाना पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस मोबाइल लोकेशन, आसपास के लोगों से पूछताछ और अन्य सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार महिला पटवारी मूल रूप से बड़वानी जिले की रहने वाली हैं और वर्तमान में आलोट तहसील में पदस्थ हैं। सोमवार शाम वह स्थानीय प्रशासनिक बैठक में शामिल हुई थीं। बैठक के बाद अपने निवास पहुंचीं, लेकिन देर रात से लापता हैं। साथ में रहने वाली एक अन्य पटवारी से जानकारी मिलने पर परिजन इंदौर से आलोट पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। सूत्रों के अनुसार, महिला पटवारी के एक पुराने पुरुष मित्र पर संदेह जताया जा रहा है, जो धार जिले का रहने वाला बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस ने इस संबंध में अभी किसी भी आशंका की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। महिला पटवारी का मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ मिला है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। ग्रामीण asp विवेक कुमार लाल ने बताया कि गुमशुदगी दर्ज कर विशेष टीमों को तलाश के लिए रवाना किया गया है। कहा कि परिजनों से मिली जानकारी के आधार पर जिन लोगों के नाम सामने आए हैं, उनकी भी तलाश की जा रही है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।