MP NEWS : पहाड़ी किनारे बनी दीवार ढही, मलबे में दबकर महिला की मौत, दो गंभीर... - vedantsamachar.in

MP NEWS : पहाड़ी किनारे बनी दीवार ढही, मलबे में दबकर महिला की मौत, दो गंभीर…

ग्वालियर , 19 जुलाई । मध्य प्रदेश के ग्वालियर में रविवार को बड़ा हादसा हो गया। शहर के गुड़ी गुड़ा के नाके स्थित मुक्तिधाम के पास पहाड़ी किनारे बनी एक दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के समय वहां मौजूद तीन लोग मलबे में दब गए। घटना में एक महिला की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दीवार गिरते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।

कड़ी मशक्कत के बाद मलबे में दबे तीनों लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया। अस्पताल में इलाज के दौरान सपना बाथम की मौत हो गई। वहीं उनके पति राहुल बाथम का इलाज जारी है। हादसे में घायल एक अन्य व्यक्ति बेताल की हालत भी गंभीर बताई जा रही है। प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि पहाड़ी किनारे बनी दीवार कमजोर होने के कारण अचानक ढह गई। मामले की विस्तृत जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।