ग्राम तरौद में जुआ पर अकलतरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 9 जुआरी गिरफ्तार, ₹29 हजार नकद और ताश की गड्डियां जब्त - vedantsamachar.in

ग्राम तरौद में जुआ पर अकलतरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 9 जुआरी गिरफ्तार, ₹29 हजार नकद और ताश की गड्डियां जब्त

जांजगीर-चांपा, 19 जुलाई (वेदांत समाचार)। जिले में जुआ, सट्टा और अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अकलतरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना क्षेत्र के ग्राम तरौद में जुआ खेल रहे 9 आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 29 हजार रुपये नकद और ताश की पत्तियां बरामद की हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत विधिवत कार्रवाई की गई है।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देशन में जिलेभर में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अकलतरा पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम तरौद में कुछ लोग सार्वजनिक स्थान पर जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर थाना अकलतरा पुलिस ने 18 जुलाई 2026 की देर शाम मौके पर दबिश दी।

रेड कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से कुल 9 जुआरियों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 29 हजार रुपये नगद और ताश की गड्डियां बरामद की गईं। इसके बाद सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में चित्र विजय सिंह (42 वर्ष) निवासी जोगीडिपा थाना मुलमुला, उमाशंकर साहू (37 वर्ष) निवासी किरारी थाना अकलतरा, विनोद कुमार पाटले (50 वर्ष) निवासी अमरताल थाना अकलतरा, अरविंद कुमार यादव (40 वर्ष) निवासी मुड़पार चौकी नैला थाना जांजगीर, पवन कुमार जोगी (40 वर्ष) निवासी मुरलीडीह, कुमार गौरव नोरगे (40 वर्ष) निवासी मुरलीडीह, अजय रात्रे (30 वर्ष) निवासी मुरलीडीह थाना मुलमुला, एकलव्य दिनकर (21 वर्ष) निवासी मुरलीडीह थाना मुलमुला तथा फिरथ सूर्यवंशी (32 वर्ष) निवासी वार्ड क्रमांक 15 अकलतरा शामिल हैं।

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी भास्कर शर्मा एवं थाना अकलतरा के पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में जुआ, सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।