छत्तीसगढ़ में दर्दनाक प्रेम कहानी का अंत: प्रेमी की सड़क हादसे में मौत, सदमे में प्रेमिका ने भी फांसी लगाकर दी जान - vedantsamachar.in

छत्तीसगढ़ में दर्दनाक प्रेम कहानी का अंत: प्रेमी की सड़क हादसे में मौत, सदमे में प्रेमिका ने भी फांसी लगाकर दी जान

सूरजपुर, 20 जुलाई (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से एक बेहद भावुक और दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां सड़क हादसे में प्रेमी की मौत के दो दिन बाद उसकी 20 वर्षीय प्रेमिका ने भी कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से पूरे इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, मामला सूरजपुर जिले के करंजी चौकी क्षेत्र का है। दो दिन पहले वीरपाल नामक युवक की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। युवक की असमय मौत से उसकी 20 वर्षीय प्रेमिका गहरे सदमे में चली गई थी। परिजनों के मुताबिक, घटना के बाद से युवती बेहद परेशान और गुमसुम रहने लगी थी। बताया जा रहा है कि मानसिक तनाव और प्रेमी के निधन के दुख से उबर नहीं पाने के कारण युवती ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवती अपने प्रेमी की मौत से गहरे सदमे में थी। हालांकि आत्महत्या के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई जारी है।

इस दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। एक के बाद एक हुई दोनों मौतों से दोनों परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। स्थानीय लोगों ने भी इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है।