MP Police Recruitment: मध्य प्रदेश में 18 हजार आरक्षकों की होगी भर्ती, CM मोहन यादव का बड़ा ऐलान - vedantsamachar.in

MP Police Recruitment: मध्य प्रदेश में 18 हजार आरक्षकों की होगी भर्ती, CM मोहन यादव का बड़ा ऐलान

भोपाल। मध्य प्रदेश के युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पुलिस भर्ती को लेकर बड़ा ऐलान करते हुए कहा है कि प्रदेश में 18 हजार अतिरिक्त आरक्षक पदों पर भर्ती की जाएगी। मुख्यमंत्री ने यह जानकारी पुलिस मुख्यालय (PHQ) में अधिकारियों के साथ बैठक के बाद दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके पास गृह विभाग का भी प्रभार है, इसलिए उन्होंने पुलिस मुख्यालय पहुंचकर वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विभागीय व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान पुलिस अधिकारियों के प्रमोशन, विभागीय सुधार और भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।

डॉ. मोहन यादव ने बताया कि राज्य सरकार अब तक 25 हजार पुलिसकर्मियों को प्रमोशन दे चुकी है। आने वाले समय में पुलिस विभाग में और भी प्रमोशन किए जाएंगे, ताकि अधिकारियों और कर्मचारियों को समय पर पदोन्नति का लाभ मिल सके। सीएम ने कहा कि पुलिस व्यवस्था को और मजबूत एवं प्रभावी बनाने के लिए मुख्य सचिव और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ लगातार बैठकें की जा रही हैं। इसी क्रम में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी कर दिए गए हैं। 

सरकार का मानना है कि नई भर्ती और समयबद्ध प्रमोशन से पुलिस बल की कार्यक्षमता बढ़ेगी, कानून-व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी तथा युवाओं को रोजगार के नए अवसर भी मिलेंगे।