नई दिल्ली,21जुलाई। कॉकरोच जनता पार्टी यानी CJP का फिर से जंतर-मंतर पर प्रदर्शन शुरू हो गया है। CJP का संसद मार्च के बाद दिल्ली पुलिस ने सोमवार शाम 5 बजे जंतर-मंतर खाली करा दिया था।
प्रदर्शनकारी और अभिजीत दीपके 6 घंटे बाद फिर लौट आए। सोमवार रात 11 बजे तक भारी तादाद में लोग जमा हो गए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
दीपके ने एक बातचीत में कहा कि मंगलवार को भी संसद मार्च करेंगे। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा होने तक आंदोलन जारी रहेगा और जंतर-मंतर से नहीं हटेंगे।
प्रदर्शनकारी धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे समेत तीन मांगों को लेकर सड़कों पर उतरे हैं। सोमवार को दीपके समेत CJP समर्थकों ने संसद तक मार्च किया था।
पिछले 14 साल में पहली बार प्रदर्शनकारियों की भीड़ संसद के दरवाजे तक पहुंची है। इससे पहले, 2012 में निर्भया कांड के विरोध में इस इलाके में बड़े स्तर पर प्रदर्शन हुआ था।
CJP के प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कहा कि लाठीचार्ज सिर्फ पुलिस ने किया। हमारे युवाओं को पीटा गया, उनके सिर फोड़ दिए गए और उन्हें सड़कों पर घसीटा गया। सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि मैडम को ट्रक से नीचे उतारने के लिए उनके बाल खींचे गए।
हमारे कई लोगों की पसलियां टूट गईं। हमने ऐसी बर्बरता की कभी उम्मीद नहीं की थी। दिल्ली पुलिस ने कल सारी हदें पार कर दीं। साफ है कि लोगों को पीटने के निर्देश दिए गए थे। लेकिन इससे आंदोलन और बड़ा होगा। अब और ज्यादा लोग दिल्ली आएंगे। जब तक धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते, हम यहां से नहीं हटेंगे।
सरकार के साथ हुई बैठक पर उन्होंने कहा कि हमें कोई जवाब नहीं मिला। पांच घंटे बर्बाद हुए। अब अगर सरकार हमसे बात करना चाहती है, तो उसे यहां आकर बातचीत करनी होगी।

