KORBA:16 वर्षों की गौरवपूर्ण सेवा के बाद डी.एस. राव सेवानिवृत्त, कीर्ति हर्रिट बनीं न्यू एरा प्रोग्रेसिव स्कूल की नई प्राचार्य - vedantsamachar.in

KORBA:16 वर्षों की गौरवपूर्ण सेवा के बाद डी.एस. राव सेवानिवृत्त, कीर्ति हर्रिट बनीं न्यू एरा प्रोग्रेसिव स्कूल की नई प्राचार्य

कोरबा, 21 जुलाई 2026 (वेदांत समाचार)। न्यू एरा प्रोग्रेसिव स्कूल, कोरबा में मंगलवार को गरिमामय समारोह के बीच विद्यालय के प्राचार्य डी.एस. राव को 16 वर्षों की उत्कृष्ट एवं समर्पित सेवाओं के उपरांत भावभीनी विदाई दी गई। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन ने वर्तमान उप-प्राचार्य श्रीमती कीर्ति हर्रिट को विद्यालय का नया प्राचार्य नियुक्त किए जाने की घोषणा की।

अपने कार्यकाल के दौरान डी.एस. राव ने विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता, अनुशासन, नवाचार और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके कुशल नेतृत्व और दूरदर्शी सोच के कारण विद्यालय ने शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय पहचान बनाई। विद्यालय परिवार ने उनके योगदान की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ, सुखद एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।

विद्यालय प्रबंधन ने विश्वास व्यक्त किया कि नई प्राचार्य श्रीमती कीर्ति हर्रिट के नेतृत्व में विद्यालय शिक्षा, अनुशासन और संस्कार की परंपरा को और अधिक सशक्त करते हुए उत्कृष्टता के नए आयाम स्थापित करेगा। श्रीमती हर्रिट अपने प्रशासनिक अनुभव, शैक्षणिक दक्षता तथा प्रभावी नेतृत्व क्षमता के लिए जानी जाती हैं।

विदाई एवं स्वागत समारोह में विद्यालय के चेयरमैन किशोर कुमार साहू, डायरेक्टर दिलीप कुमार साहू, नवनियुक्त प्राचार्य श्रीमती कीर्ति हर्रिट, अकादमिक डीन ऋतेश राय, हेड मास्टर जगजीत सिंह भट्टी सहित विद्यालय के सभी शिक्षक, शिक्षिकाएं एवं गैर-शिक्षकीय कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने डी.एस. राव के अमूल्य योगदान के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी तथा श्रीमती कीर्ति हर्रिट का नई प्राचार्य के रूप में पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत करते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।