Raipur Breaking: 459 प्रतिबंधित नशीली टेबलेट के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, ओडिशा से बस के जरिए लाने का खुलासा - vedantsamachar.in

Raipur Breaking: 459 प्रतिबंधित नशीली टेबलेट के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, ओडिशा से बस के जरिए लाने का खुलासा

रायपुर, 21 जुलाई (वेदांत समाचार)। राजधानी रायपुर में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा खम्हारडीह थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने चंडी नगर स्थित गदयाही मंदिर के पास कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को 459 प्रतिबंधित नशीली टेबलेट के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नाईट्रोसन-10 की 459 टेबलेट और बिक्री की नगदी जब्त की है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 1.83 लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस के अनुसार 20 जुलाई 2026 को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि चंडी नगर स्थित गदयाही मंदिर के पास दो युवक प्रतिबंधित नशीली दवाओं की बिक्री करने की तैयारी में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला तथा पुलिस उपायुक्त (उत्तर) दीपमाला कश्यप के निर्देश पर तत्काल कार्रवाई के लिए संयुक्त टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया। पूछताछ में उन्होंने अपनी पहचान सुनील बघेल (26 वर्ष) और सचिन महानंद (21 वर्ष) के रूप में बताई। तलाशी के दौरान उनके पास रखे बैग से 459 नग प्रतिबंधित नाईट्रोसन-10 टेबलेट बरामद हुई। पुलिस ने आरोपियों से प्रतिबंधित दवाओं को रखने और बेचने से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इस दौरान दोनों ने पुलिस को गुमराह करने का भी प्रयास किया। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से नशीली टेबलेट और बिक्री की 200 रुपये नगद राशि जब्त कर ली।

इस मामले में थाना खम्हारडीह में अपराध क्रमांक 247/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी) एवं 22 के अंतर्गत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे प्रतिबंधित नशीली टेबलेट ओडिशा से बस के माध्यम से रायपुर लाए थे। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इस अवैध कारोबार के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं और इसकी सप्लाई चेन कहां तक फैली हुई है। मामले में विस्तृत विवेचना जारी है।

पुलिस का कहना है कि राजधानी में नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जल्द पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।