बिलासपुर, 20 जुलाई (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में अवैध जुआ के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोनी पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम बिरकोना में संचालित जुआ फड़ पर दबिश दी। पुलिस ने मौके से 9 जुआरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान ₹20,700 नकद, 52 पत्ती ताश, 9 मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल जब्त की गई। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (आईपीएस) के निर्देश पर जिले में अवैध जुआ, सट्टा और ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक सिटी कोतवाली गगन कुमार (आईपीएस) के मार्गदर्शन में थाना कोनी पुलिस द्वारा संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही थी।
इसी दौरान 20 जुलाई 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम बिरकोना के टिकरीपारा स्थित हनुमान मंदिर के पास कुछ लोग 52 पत्ती ताश से रुपये-पैसों का दांव लगाकर “काट पत्ती” नामक जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना कोनी पुलिस और ACCU की संयुक्त टीम ने योजनाबद्ध तरीके से मौके पर दबिश दी।
पुलिस की रेड के दौरान सभी आरोपी ताश के पत्तों से हार-जीत का दांव लगाते हुए जुआ खेलते मिले। मौके से पुलिस ने ₹20,700 नकद, 52 पत्ती ताश, 9 मोबाइल फोन तथा CG-10-EJ-9497 नंबर की ग्रे रंग की मोटरसाइकिल जब्त की। गिरफ्तार आरोपियों में राकेश कुमार बच्च, ईश्वर बंजारे, रंजीत डिडौरे, बिकेश्वर रायल, नवीन मान, अमित जायसवाल, अर्पित महिलांगे, समीर वर्मा और नेतराय बच्च शामिल हैं। सभी आरोपी बिलासपुर जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के निवासी हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 389/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम, 2022 की धारा 3(2) के अंतर्गत मामला दर्ज किया है। इसके अलावा आरोपियों के विरुद्ध धारा 170 बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक गिरफ्तारी करते हुए धारा 126 एवं 135(3) बीएनएसएस के तहत भी कार्रवाई की गई। न्यायालय में पेश करने के बाद सभी आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
बिलासपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध जुआ, सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि ऐसी किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

