MLC 2026 Final: आखिरी गेंद पर विजेता का फैसला, शाहरुख खान की टीम पहली बार बनी चैंपियन, टूटे ये 3 रिकॉर्ड - vedantsamachar.in

MLC 2026 Final: आखिरी गेंद पर विजेता का फैसला, शाहरुख खान की टीम पहली बार बनी चैंपियन, टूटे ये 3 रिकॉर्ड

नई दिल्ली , 19 जुलाई : Major League Cricket: शाहरुख खान की टीम लॉस एंजिल्स नाइट राइडर्स ने मेजर लीग क्रिकेट के मौजूदा सीजन का खिताब जीत लिया है. ऑकलैंड में खेले फाइनल मुकाबले में इस टीम ने वॉशिंगटन फ्रीडम को आखिरी गेंद पर हरा दिया. फाइनल मुकाबला उसने 1 रन से जीता. इस जीत के साथ लॉस एंजिल्स नाइट राइडर्स पहली बार मेजर लीग क्रिकेट की चैंपियन बनी है. लॉस एंजिल्स नाइट राइडर्स की खिताबी जीत के दौरान उससे जुड़े 3 बड़े रिकॉर्ड भी ध्वस्त होते दिखे.

लॉस एंजिल्स नाइट राइडर्स ने बनाए 164 रन
मुकाबले में लॉस एंजिल्स नाइट राइडर्स की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 19.4 ओवर में 164 रन बनाकर ऑल आउट हुई थी. उसकी ओर से आंद्रे फ्लेचर ने सबसे ज्यादा 47 रन जबकि उनके ओपनिंग पार्टनर कॉलिन मुनरो ने 40 रन बनाए थे. इन दोनों के अलावा मैथ्यू ट्रॉम्प ने 39 रन की पारी खेली. इन तीनों के अलावा लॉस एंजिल्स नाइट राइडर्स के बाकी बल्लेबाजों के लिए दहाई के आंकड़े को छू पाना भी मुश्किल हो गया.

आखिरी ओवर में फंसी वॉशिंगटन फ्रीडम
वॉशिंगटन फ्रीडम के सामने जीत के लिए 20 ओवर में 165 रन का लक्ष्य था, जिसका पीछा करते हुए उन्होंने 19 ओवर में 6 विकेट पर 151 रन बनाए. आखिरी ओवर में वॉशिंगटन फ्रीडम को जीत के लिए 14 रन बनाने थे और उसके 4 विकेट बचे थे. लॉस एंजिल्स नाइट राइडर्स की ओर से आखिरी ओवर वैन स्कैल्कविक ने डाला. पहली गेंद पर छक्का लगने के बाद वॉशिंगटन फ्रीडम की जीत की उम्मीद और बढ़ गई. मगर उसके बाद जो हुआ उसने गेम पलट दिया.

14 रन हुए डिफेंड, वॉशिंगटन फ्री़डम आखिरी गेंद पर हारी
वैन स्कैल्कविक ने अगली दो गेंदों पर दो विकेट झटक कर वॉशिंगटन फ्री़डम को फिर से बैक फुट पर ला दिया. हालांकि, चौथी गेंद पर फिर से चौका लगते ही मुकाबले में रोमांच गया. 5वीं गेंद पर सिंगल बना और अब आखिरी गेंद पर जीत के लिए 3 रन बनाने रह गए. यानी एक बाउंड्री और लॉस एंजिल्स नाइट राइडर्स का खेल खत्म. मगर हुआ ठीक उलटा. वैन स्कैल्कविक ने आखिरी गेंद पर सिर्फ 1 रन दिया. वॉशिंगटन फ्रीडम के बल्लेबाजों ने दूसरा रन चुराने की कोशिश की ताकि मैच को सुपर ओवर में ले जा सकें मगर उस कोशिश में वो रन आउट हो गए.

लॉस एंजिल्स नाइट राइडर्स की जीत में टूटे ये 3 रिकॉर्ड
इस तरह लॉस एंजिल्स नाइट राइडर्स ने 1 रन से मुकाबला जीत लिया, जो कि MLC में रनों के हिसाब से उसकी सबसे छोटी जीत का बना नया रिकॉर्ड है. इसके अलावा 2 और रिकॉर्ड लॉस एंजिल्स नाइट राइडर्स के लिए टूटते दिखे. जेसन होल्डर लॉस एंजिल्स नाइट राइडर्स के लिए अब सबसे ज्यादा 12 कैच लेने वाले खिलाड़ी बन गए. इस मामले में उन्होंने रोवमन पावेल का रिकॉर्ड तोड़ा. वहीं आंद्रे रसेल को पछाड़कर वैन स्कैल्कविक लॉस एंजिल्स नाइट राइडर्स के लिए सबसे ज्यादा 31 विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं.