दिल्ली में कांग्रेस नेताओं की हिरासत के विरोध में आज प्रदेशभर में प्रदर्शन, जिला मुख्यालयों पर प्रधानमंत्री का पुतला दहन करेगी कांग्रेस - vedantsamachar.in

दिल्ली में कांग्रेस नेताओं की हिरासत के विरोध में आज प्रदेशभर में प्रदर्शन, जिला मुख्यालयों पर प्रधानमंत्री का पुतला दहन करेगी कांग्रेस

रायपुर, 22 जुलाई 2026। दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास के निकट छात्रों से जुड़े मुद्दों, नीट परीक्षा प्रकरण पर संसद में चर्चा तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं को हिरासत में लिए जाने के विरोध में प्रदेश कांग्रेस कमेटी आज (बुधवार) प्रदेशभर में विरोध प्रदर्शन करेगी।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार आज सुबह 11 बजे प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में विरोध प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराएंगे।

प्रदेश कांग्रेस के अनुसार यह आंदोलन केवल कांग्रेस नेताओं को हिरासत में लिए जाने के विरोध तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि कथित पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था में सुधार तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर भी आवाज बुलंद की जाएगी। पार्टी का कहना है कि वह छात्रों के हितों और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग को लेकर देशभर में आंदोलन चला रही है।

प्रदेश कांग्रेस का आरोप है कि छात्रों के समर्थन में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा तथा अन्य वरिष्ठ नेताओं को हिरासत में लेना लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है। इसी के विरोध में आज प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में प्रदर्शन आयोजित किए जा रहे हैं।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैंदू ने सभी जिला कांग्रेस कमेटियों को निर्धारित समय पर विरोध प्रदर्शन आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने पार्टी के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं से बड़ी संख्या में शामिल होकर आंदोलन को सफल बनाने की अपील की है।

कांग्रेस ने कहा है कि छात्रों से जुड़े मुद्दों पर सरकार जवाबदेही तय करने, कथित पेपर लीक मामलों में प्रभावी कार्रवाई करने तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर निर्णय लेने तक उसका आंदोलन जारी रहेगा। प्रदेश कांग्रेस ने सभी जिला इकाइयों को कार्यक्रम की तैयारियां पूरी रखने के निर्देश भी दिए हैं।