FIH Youth Hockey5s: भारतीय टीम का गदर, पाकिस्तान को 7-3 से धोया, अब खिताबी जंग में फिर होगी भिड़ंत - vedantsamachar.in

FIH Youth Hockey5s: भारतीय टीम का गदर, पाकिस्तान को 7-3 से धोया, अब खिताबी जंग में फिर होगी भिड़ंत

नई दिल्ली , 25जुलाई : IND vs PAK: FIH Youth Hockey5s: ओमान के मस्कट में खेली जा रही FIH यूथ हॉकी5एस एशियाई चैंपियनशिप 2026 में भारतीय सब-जूनियर पुरुष हॉकी टीम ने 24 जुलाई को अपना दबदबा कायम रखा. भारत ने एक ही दिन में दो बड़ी जीत दर्ज कीं, जहां उसने चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 7-3 से हराने से पहले मेजबान ओमान को 10-1 से करारी शिकस्त दी. अब पूल स्टेज खत्म होने के बाद भारतीय पुरुष टीम का सामना शनिवार को खिताबी मुकाबलेमें एक बार फिर पाकिस्तान से होगा.

पाकिस्तान और ओमान को चटाई धूल
दिन के सबसे हाई-वोल्टेज मुकाबले में कप्तान केतन कुशवाहा की अगुवाई वाली भारतीय टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया. हाफ-टाइम तक रोमित पाल, करन गौतम और कप्तान केतन के गोलों की बदौलत भारत 3-0 से आगे रहा. फिर दूसरे हाफ में प्रहलाद राजभर, शाहरुख अली, राहुल यादव और केतन के गोलों ने भारत की 7-3 से जीत पक्की कर दी.

इससे पहले, भारत ने मेजबान ओमान के खिलाफ एकतरफा प्रदर्शन किया. हाफ-टाइम तक 6-0 की बढ़त बनाने के बाद भारत ने कुल 10 गोल दागे. कप्तान केतन कुशवाहा ने मैच में 4 गोल दागे. वहीं, शाहरुख अली, करन गौतम और प्रहलाद राजभर ने दो-दो गोल किए.

महिला टीम की शानदार वापसी
वहीं, भारतीय सब-जूनियर महिला टीम ने चीन के खिलाफ 3-6 की हार के बाद जोरदार वापसी करते हुए उज्बेकिस्तान को 10-0 से रौंद दिया. यह टूर्नामेंट पहले FIH यूथ हॉकी5एस वर्ल्ड कप का एशियाई क्वालिफायर भी है. भारतीय सब-जूनियर महिला टीम की ओर से उज्बेकिस्तान के खिलाफ कमाल का पलटवार देखने को मिला. उज्बेकिस्तान के खिलाफ खेले गए मैच में नौशीन नाज ने हैट्रिक जमाई. वहीं, संदीपा कुमारी ने दो गोल किए. इसके अलावा श्रुति कुमारी, किरण एक्का, स्वीटी कुजूर, नीलम तोपनो और दिया ने 1-1 गोल दागकर भारत को 10-0 से एकतरफा जीत दिलाई और सेमीफाइनल में जगह बना ली.

भारतीय महिला टीम शनिवार को सेमीफाइनल-2 में कजाकिस्तान से भिड़ेगी. इस मैच को जीतने पर भारतीय टीम सीधे फाइनल और वर्ल्ड कप क्वालिफिकेशन का टिकट हासिल कर लेगी.