रायगढ़-खरसिया , 25जुलाई (वेदांत समाचार) । राष्ट्रीय राजमार्ग NH-49 पर रक्सापाली के पास एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने मोटरसाइकिल सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। इस सड़क हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दुर्घटना के बाद आरोपी ट्रक चालक अपने वाहन को मौके पर छोड़ कर फरार हो गया। मामला भूपदेवपुर थाना क्षेत्र का है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम किरकार (थाना मालखरौदा) निवासी भुजबल प्रसाद चन्द्रा, जो नहरपाली स्थित जे.एस.डब्ल्यू. कंपनी में कार्यरत हैं, दिनांक 22 जुलाई 2026 की रात लगभग 10:00 बजे ड्यूटी खत्म कर अपनी मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 11BH 0341) से अपने घर लौट रहे थे।
रात लगभग 10:30 बजे जैसे ही वे भूपदेवपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत एनएच रोड पर ग्राम रक्सापाली के पास पहुंचे, पीछे से आ रही तेज रफ्तार ट्रक (क्रमांक OR-19 K-0894) के चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सड़क पर मोटरसाइकिल के घसीटने के निशान बन गए और बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
घटना के तुरंत बाद घायल भुजबल प्रसाद चन्द्रा ने मोबाइल फोन से अपनी बहन श्रीमती कृष्णा (निवासी ग्राम रक्सापाली) को हादसे की जानकारी दी। सूचना मिलते ही उनकी बहन और आसपास के ग्रामीण व राहगीर मौके पर पहुंचे। घायल भुजबल को कमर और बाएं पैर में गंभीर चोटें आई थीं। ग्रामीणों और परिजनों की मदद से तत्काल ‘डायल 112’ संजीवनी वाहन को बुलाया गया और घायल को इलाज के लिए चपले अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना की सूचना पर भूपदेवपुर पुलिस मौके पर पहुंची। प्रार्थिया (घायल की बहन) के बयान और रिपोर्ट के आधार पर भूपदेवपुर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 (लापरवाही से वाहन चलाना) और धारा 125(A) (दूसरों के जीवन या व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरे में डालकर गंभीर चोट पहुंचाना) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है और मामले की विवेचना जारी है।

