रायगढ़ में 24 घंटे के भीतर वाहन चोरी का खुलासा, निगरानी बदमाश महेश पैंकरा गिरफ्तार; चोरी की बाइक और मोबाइल बरामद - vedantsamachar.in

रायगढ़ में 24 घंटे के भीतर वाहन चोरी का खुलासा, निगरानी बदमाश महेश पैंकरा गिरफ्तार; चोरी की बाइक और मोबाइल बरामद

रायगढ़, 25 जुलाई (वेदांत समाचार)। रायगढ़ पुलिस ने वाहन चोरी के एक मामले का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आदतन वाहन चोर और निगरानी बदमाश महेश पैंकरा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल और रेडमी कंपनी का मोबाइल फोन बरामद किया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी पहले भी बाइक चोरी के कई मामलों में गिरफ्तार होकर जेल जा चुका है। वहीं, इस वारदात में शामिल उसका साथी विकास चौहान अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

रायगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से चोरी गई संपत्ति बरामद कर आरोपी को न्यायिक प्रक्रिया के लिए भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी बसंत राठिया (37) निवासी ग्राम फुलीकुण्डा, थाना लैलूंगा ने 23 जुलाई 2026 को थाना घरघोड़ा में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 29 जून को वह खाद लेने घरघोड़ा आए थे और अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक CG-13-UA-3703 को जैन पंडा के घर के सामने खड़ी कर दी थी। बाइक के हैंडल में टंगे बैग में उनका रेडमी कंपनी का मोबाइल फोन भी रखा था। कुछ समय बाद लौटने पर बाइक और मोबाइल दोनों गायब मिले। शिकायत के आधार पर थाना घरघोड़ा में अपराध क्रमांक 234/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी कुमार गौरव साहू ने मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। इसी दौरान सूचना मिली कि निगरानी बदमाश महेश पैंकरा चोरी की बाइक के साथ घरघोड़ा-लैलूंगा मुख्य मार्ग पर शनि मंदिर के पास देखा गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर महेश पैंकरा (34), निवासी नेगीपारा, घरघोड़ा को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी विकास चौहान निवासी चुहकीमार के साथ मिलकर बाइक और मोबाइल चोरी करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल और लगभग ₹20,000 कीमत का रेडमी मोबाइल फोन बरामद कर जब्त कर लिया। सहआरोपी विकास चौहान फिलहाल फरार है और उसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी महेश पैंकरा थाना क्षेत्र का निगरानी बदमाश है और वाहन चोरी के कई मामलों में पहले भी जेल जा चुका है। उल्लेखनीय है कि घरघोड़ा पुलिस ने एक दिन पहले भी उसे बाइक चोरी के एक अन्य मामले में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा था। इसके बावजूद आरोपी फिर से चोरी की वारदात में शामिल पाया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू, प्रधान आरक्षक अरविंद पटनायक, आरक्षक उद्धोराम पटेल तथा आरक्षक हरीश पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की तलाश जारी है और उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

इस मामले में एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि अपराधियों का आपराधिक इतिहास चाहे जितना पुराना हो, रायगढ़ पुलिस की सतर्क निगरानी और त्वरित कार्रवाई से वे कानून से बच नहीं सकते। उन्होंने कहा कि वाहन चोरी जैसे मामलों में पुलिस हर शिकायत की गंभीरता से जांच कर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और चोरी गई संपत्ति की बरामदगी सुनिश्चित कर रही है।