रेलवे की हाईटेक सुरक्षा: देश के 3,215 स्टेशनों और 13,409 कोचों पर CCTV का पहरा - vedantsamachar.in

रेलवे की हाईटेक सुरक्षा: देश के 3,215 स्टेशनों और 13,409 कोचों पर CCTV का पहरा

रायपुर,25 जुलाई (वेदांत समाचार) । भारतीय रेलवे यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए देशभर में अत्याधुनिक सीसीटीवी निगरानी नेटवर्क का तेजी से विस्तार कर रहा है। रेलवे स्टेशनों, यात्री कोचों और अन्य परिसरों में चरणबद्ध तरीके से लगाए जा रहे हाईटेक कैमरों के जरिए सुरक्षा व्यवस्था को तकनीक से जोड़ा जा रहा है।

रेल मंत्रालय के अनुसार, अब तक देशभर के 3,215 रेलवे स्टेशनों और 13,409 यात्री कोचों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जा चुके हैं। इसके अलावा, सभी परिचालित वंदे भारत और अमृत भारत ट्रेनों को भी सीसीटीवी निगरानी प्रणाली से लैस किया गया है।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में भी सुरक्षा मजबूत
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) के अंतर्गत अब तक 145 रेलवे स्टेशनों और 303 यात्री कोचों में सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए जा चुके हैं, जिससे यात्रियों की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पहले से अधिक सुदृढ़ हुई है।

AI आधारित कैमरों से होगी स्मार्ट निगरानी
रेलवे स्टेशनों पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित वीडियो एनालिटिक्स तकनीक से लैस हैं। इनकी मदद से अनधिकृत प्रवेश, संदिग्ध गतिविधियों और प्लेटफॉर्म पर गिरने वाले व्यक्ति की स्वतः पहचान जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं, जिससे त्वरित कार्रवाई संभव हो रही है।

9,840 सुरक्षा घटनाओं का हुआ पता
रेल मंत्रालय के अनुसार, वर्ष 2023 से जून 2026 तक इन उन्नत निगरानी प्रणालियों की सहायता से 9,840 सुरक्षा संबंधी घटनाओं की पहचान कर समय रहते आवश्यक कार्रवाई की गई।

इन जोनों में सबसे ज्यादा CCTV
रेलवे के आंकड़ों के मुताबिक, उत्तर रेलवे के 425 स्टेशन, पश्चिम रेलवे के 391 स्टेशन और पूर्वी रेलवे के 271 स्टेशन सीसीटीवी निगरानी प्रणाली से जुड़े हैं। वहीं यात्री कोचों में पश्चिम रेलवे के 1,735, उत्तर रेलवे के 1,483 और दक्षिण रेलवे के 1,481 कोच सीसीटीवी कैमरों से लैस किए जा चुके हैं।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने राज्यसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में यह जानकारी देते हुए कहा कि रेलवे का लक्ष्य आधुनिक तकनीक के जरिए यात्रियों को सुरक्षित और भरोसेमंद यात्रा का अनुभव प्रदान करना है।