नई दिल्ली ,25 जुलाई: भारत और जिम्बाब्वे के बीच टी20 सीरीज के दूसरे मैच में टीम इंडिया के कप्तान श्रेयस अय्यर एक खास रिकॉर्ड बनाने से चूक गए. हरारे में सीरीज के दूसरे मैच में भारतीय कप्तान अय्यर टॉस हार गए. इस तरह कप्तान बनने के बाद से सभी 8 मैच में टॉस जीतने का उनका सिलसिला टूट गया और लगातार 9 टॉस जीतने का वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने से वो चूक गए. इस बार जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा ने टॉस जीता और पहले गेंदबाजी का फैसला किया. वहीं पिछला मैच जीतकर भी टीम इंडिया ने प्लेइंग-11 में बदलाव किया और तेज गेंदबाज यश ठाकुर को इंटरनेशनल डेब्यू का मौका दिया है.
पहली बार टॉस हारे श्रेयस अय्यर
जून 2026 में टीम इंडिया के टी20 कप्तान बनने के बाद से श्रेयस अय्यर को भले ही अपनी पहली जीत के लिए 8 मैच का इंतजार करना पड़ा हो लेकिन इस दौरान वो हर मैच में टॉस जीते. ऐसे में दूसरे टी20 मैच में नजरें इस बात पर थी कि क्या वो शुरुआती 9 मैच में सारे टॉस जीतने वाले पहले कप्तान बन जाएंगे? दूसरे टी20 के लिए जैसे ही टॉस का सिक्का जमीन पर गिरा, ये रिकॉर्ड अपने नाम करने का मौका अय्यर के हाथ से फिसल गया.
मगर टॉस जीतने से ज्यादा जरूरी अय्यर और टीम इंडिया के लिए मैच जीतना है और पिछले मैच में उन्हें इसमें सफलता मिल ही गई. अब दूसरे मैच में टीम इंडिया के पास सीरीज जीतने का मौका है लेकिन इसके लिए पहले उसे एक दमदार स्कोर खड़ा करना होगा क्योंकि इस मैच में पहले बैटिंग के लिए भारतीय टीम उतर रही है. नजरें एक बार फिर युवा ओपनर वैभव सूर्यवंशी पर रहेंगी, जिन्होंने पिछले मैच में अपनी पहली इंटरनेशनल फिफ्टी लगाई थी और जीत में बड़ी भूमिका निभाई थी.
टीम इंडिया में आया नया खिलाड़ी
प्लेइंग-11 की बात करें तो पिथले मैच में जीत के बावजूद भारतीय टीम ने एक बदलाव किया है. पहले टी20 में डेब्यू करने वाले तेज गेंदबाज अशोक शर्मा को इस मैच से ड्रॉप कर दिया गया है. उनकी जगह एक और नए खिलाड़ी को मौका मिला है. विदर्भ के दाएं हाथ के तेज गेंदबाज यश ठाकुर ने इस मैच के साथ ही इंटरनेशनल क्रिकेट में कदम रखे हैं. वो IPL में अय्यर की कप्तानी में ही पंजाब किंग्स के लिए खेलते हैं.
IND vs ZIM 2nd T20I की प्लेइंग-11
भारत: वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, रिंकू सिंह, शिवम दुबे, रवि बिश्नोई, प्रिंस यादव, यश ठाकुर, मयंक यादव
जिम्बाब्वे: ब्रायन बेनेट, बेन करन, डियोन मायर्स, सिकंदर रज़ा (कप्तान), रयान बर्ल, वेसली मधेवेरे, तादिवानाशे मारुमानी (विकेटकीपर), ब्रैड इवांस, न्यूमैन न्यामहुरी, रिचर्ड एनगरावा, ब्लेसिंग मुजरबानी

