दुनिया के वो 5 मैदान, जहां ODI शतक लगाने वाले इकलौते भारतीय हैं रोहित शर्मा - vedantsamachar.in

दुनिया के वो 5 मैदान, जहां ODI शतक लगाने वाले इकलौते भारतीय हैं रोहित शर्मा

नई दिल्ली,25 जुलाई : Rohit Sharma: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और दिग्गज ओपनर रोहित शर्मा को यूं ही हिटमैन नहीं कहा जाता. वनडे क्रिकेट में तीन दोहरे शतक ठोकने वाले रोहित शर्मा के नाम कई ऐसे रिकॉर्ड्स दर्ज हैं जिन्हें तोड़ना दुनिया के किसी भी बल्लेबाज के लिए काफी मुश्किल है. क्या आप जानते हैं कि दुनिया में 5 ऐसे ऐतिहासिक क्रिकेट स्टेडियम हैं जहां भारतीयवनडे क्रिकेट इतिहास में सिर्फ एक ही बल्लेबाज वनडे शतक जमा सका है, और वो हैं रोहित शर्मा.

पर्थ का वाका ग्राउंड
ऑस्ट्रेलिया का पर्थ मैदान अपनी घातक उछाल और तेज गति के लिए जाना जाता है. भारत ने यहां कुल 14 वनडे मैच खेले हैं, लेकिन इस मैदान पर भारतीय टीम की ओर से सिर्फ एक ही शतक आया है. रोहित शर्मा ने साल 2016 में इस मैदान पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 163 गेंदों पर नाबाद 171 रनों की ऐतिहासिक पारी खेली थी. हालांकि, इस मैच में भारतीय टीम को हार का सामना करना पड़ा था.

इंग्लैंड का ऐतिहासिक लॉर्ड्स स्टेडियम
क्रिकेट का मक्का कहे जाने वाले लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर भारत ने अब तक 10 वनडे मुकाबले खेले हैं. सचिन तेंदुलकर, सौरव गांगुली और विराट कोहली जैसे दिग्गज इस मैदान पर वनडे शतक नहीं लगा सके हैं. लेकिन रोहित शर्मा ने हाल ही में ये उपलब्धि हासिल की थी. इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के तीसरे मैच में रोहित शर्मा ने 110 गेंदों पर 138 रनों की आतिशी पारी खेलकर इतिहास रच दिया था. वो लॉर्ड्स में वनडे शतक जड़ने वाले भारत के पहले बल्लेबाज बने थे.

साउथ अफ्रीका का सेंट जॉर्ज पार्क
साउथ अफ्रीका की मुश्किल पिच पर रन बनाना किसी भी एशियाई बल्लेबाज के लिए अग्निपरीक्षा जैसा होता है. इस मैदान पर भारत ने 7 वनडे खेले हैं. इस दौरान साल 2018 के साउथ अफ्रीका दौरे पर रोहित शर्मा ने 126 गेंदों में 115 रन बनाकर टीम इंडिया को जीत दिलाई थी. जो इस मैदान पर भारत की ओर से इकलौता वनडे शतक है.

इंग्लैंड का ट्रेंट ब्रिज स्टेडियम
इंग्लैंड का यह मैदान बल्लेबाजों के अनुकूल माना जाता है, लेकिन भारत की तरफ से खेले गए 6 वनडे मैचों में यहां सिर्फ एक ही शतकीय पारी देखने को मिली है. साल 2018 में इंग्लैंड के खिलाफ रोहित शर्मा ने सिर्फ 114 गेंदों का सामना करते हुए नाबाद 137 रन कूट डाले थे. जिसके चलते भारत ने उस मैच में 8 विकेट से बाजी मारी थी.

इंग्लैंड का द रोज बाउल स्टेडियम
साउथैम्प्टन के इस मैदान पर भारतीय टीम ने अब तक 5 वनडे मुकाबले खेले हैं. लेकिन शतक सिर्फ 1 बार ही आया है. वर्ल्ड कप 2019 के दौरान साउथ अफ्रीका के खिलाफ मुश्किल परिस्थितियों में रोहित शर्मा ने 144 गेंदों पर संयम और आक्रामकता का परिचय देते हुए नाबाद 122 रन बनाए थे. जिसके चलते भारत एक अहम मैच जीतने में कामयाब रहा था.