कोरबा,06 मई (वेदांत समाचार)। South Eastern Coalfields Limited की कुसमुंडा कोयला खदान में बीती रात डम्फर ऑपरेटर और कथित कोयला दलाल के बीच हुए विवाद ने तूल पकड़ लिया। विवाद इतना बढ़ गया कि डम्फर ऑपरेटर मोहन लाल साहू के साथ मारपीट किए जाने का आरोप सामने आया है। घटना के बाद खदान क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि मारपीट की घटना से नाराज 60, 100 और 240 टन क्षमता वाले डम्फरों के ऑपरेटर बड़ी संख्या में 29 नंबर केडी क्रेशर के पास धरने पर बैठ गए हैं। ऑपरेटरों ने खान प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए सुरक्षा और कार्रवाई की मांग की है।
आक्रोशित ऑपरेटरों ने खान प्रबंधक के नाम चार सूत्रीय मांग पत्र भी सौंपा है। मांगों में आरोपियों पर कार्रवाई, ऑपरेटरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और खदान क्षेत्र में बाहरी हस्तक्षेप रोकने जैसी बातें शामिल बताई जा रही हैं।
सूत्रों के अनुसार यदि प्रबंधन ने जल्द मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं की तो कुसमुंडा खदान में कामकाज प्रभावित हो सकता है। ऑपरेटरों ने चेतावनी दी है कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।

