Vaibhav Sooryavanshi: क्यों वैभव सूर्यवंशी ही तोड़ सकते हैं T20 में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड? - vedantsamachar.in

Vaibhav Sooryavanshi: क्यों वैभव सूर्यवंशी ही तोड़ सकते हैं T20 में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड?

नई दिल्ली ,06अगस्त : T20 में सबसे ज्यादा रन का रिकॉर्ड इंग्लैंड के विकेटकीपर बल्लेबाज जॉस बटलर ने अपने नाम कर लिया. काइरन पोलार्ड का रिकॉर्ड तोड़कर जब उन्होंने मुकाम हासिल किया तो उनसे पूछा गया कि अब उन्हें क्या लगता है कि कौन उनका रिकॉर्ड तोड़ेगा? इस पर बटलर ने कहा कि रिकॉर्ड बनते ही हैं टूटने के लिए. जहां तक मेरे रिकॉर्ड को तोड़ने का सवाल है तो वो नाम भारतीय क्रिकेट की बैटिंग सनसनी वैभव सूर्यवंशी का हो सकता है. बटलर से ये सवाल स्काई स्पोर्ट्स ने ठीक उसी मैच के बाद पूछा था, जिसमें उन्होंने रिकॉर्ड को अपने नाम किया था.

वैभव सूर्यवंशी तोड़ सकता है रिकॉर्ड- बटलर
बटलर ने कहा कि ये सोचकर अच्छा लगता है कि आप T20 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं. अगर कोई मेरे इस रिकॉर्ड को तोड़ सकता है तो वो नाम बिल्कुल वैभव सूर्यवंशी का हो सकता है और मुझे इस पर गर्व होगा.

वैभव पर बटलर को भरोसा क्यों?
अब सवाल है कि भारत के 15 साल के बल्लेबाज पर जॉस बटलर को इतना भरोसा क्यों हैं? इसके पीछे की वजह है क्रिकेट की दुनिया में वैभव सूर्यवंशी का उदय और धीरे-धीरे उनका बढ़ता कद. बटलर ने वैभव के खेल और उनकी बल्लेबाजी को करीब से देखा है. उन्होंने उनके मिजाज को समझा और जाना है. उन तमाम वजहों के चलते ही उन्होंने बेहिचक बोल दिया कि उनका रिकॉर्ड कोई तोड़ सकता है तो वो वैभव सूर्यवंशी हो सकते हैं.

क्यों वैभव ही तोड़ सकते हैं T20 में सर्वाधिक रन का रिकॉर्ड?
वैभव सूर्यवंशी ने अंडर 19 क्रिकेट से लेकर IPL तक अपनी धाक जमाई है. इस साल ही उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट में भी कदम रखा. जिम्बाब्वे में खेली 3 मैचों की T20 सीरीज ने वैभव ने सबसे ज्यादा 151 रन बनाए और प्लेयर ऑफ द सीरीज बने.

T20 में जॉस बटलर के सबसे ज्यादा रन के रिकॉर्ड को तोड़ने के लिए वैभव सूर्यवंशी के पास पर्याप्त वजहें भी हैं. उनके पास उम्र है. वैभव अभी सिर्फ 15 साल के ही हैं. अगर फिटनेस और फॉर्म बरकरार रही तो इसमें दो राय नहीं कि वो अगले दो दशक तक क्रिकेट की पिच पर राज करते दिख सकते हैं.

वैभव अगर दो दशक क्रिकेट खेलेंगे तो जाहिर सी बात है कि वो IPL के सबसे ज्यादा सीजन खेलने वाले खिलाड़ी भी बन सकते हैं. सबसे ज्यादा सीजन मतलब और ज्यादा मुकाबले. इसके अलावा इंटरनेशनल क्रिकेट में भी आने वाला समय T20 क्रिकेट का रहने वाला है, जिसे भुनाकर वैभव सूर्यवंशी बिना किसी झिझक के जॉस बटलर के लगाए अनुमान को सच साबित करना चाहेंगे.