रायपुर,06अगस्त (वेदांत समाचार)। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के मध्य (सेंट्रल) जोन में चलाए गए दो दिवसीय विशेष वारंट तामीली अभियान में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले थाना प्रभारियों एवं अधिकारियों को पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त तुकाराम कांबले ने प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
पुलिस के अनुसार, पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल जोन) तारकेश्वर पटेल के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त विवेक शुक्ला के पर्यवेक्षण में संचालित इस विशेष अभियान के दौरान सेंट्रल जोन के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कुल 143 वारंटों की प्रभावी तामील की गई। अभियान में पुलिस टीमों ने योजनाबद्ध रणनीति, तकनीकी विश्लेषण, स्थानीय सूचना तंत्र और सतत प्रयासों के जरिए लंबे समय से फरार वारंटियों को गिरफ्तार कर उल्लेखनीय सफलता हासिल की।
उत्कृष्ट कार्य के लिए परिवीक्षाधीन उप पुलिस अधीक्षक अमित कोसमा, कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश सिंह गहरवार, सिविल लाइन थाना प्रभारी निरीक्षक यमन देवांगन, गंज थाना प्रभारी निरीक्षक दीपक पासवान, तेलीबांधा थाना प्रभारी निरीक्षक अजय झा, गोलबाजार थाना प्रभारी निरीक्षक स्वराज त्रिपाठी, देवेंद्रनगर थाना प्रभारी निरीक्षक दिपेश सैनी तथा मौदहापारा थाना प्रभारी निरीक्षक शक्ति सिंह को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला ने अधिकारियों की कार्यशैली, प्रभावी रणनीति और टीमवर्क की सराहना करते हुए कहा कि न्यायालयों द्वारा जारी वारंटों की समयबद्ध तामीली कानून व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने अधिकारियों को भविष्य में भी इसी समर्पण और पेशेवर दक्षता के साथ फरार वारंटियों एवं अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई जारी रखने तथा न्यायालयीन आदेशों के त्वरित पालन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
सम्मान समारोह में पुलिस उपायुक्त तारकेश्वर पटेल, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त विवेक शुक्ला, सहायक पुलिस आयुक्त दीपक मिश्रा तथा सहायक पुलिस आयुक्त रमाकांत साहू सहित अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

