- सड़क सुरक्षा अभियान के तहत नो-पार्किंग, बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट और अन्य उल्लंघनों पर हुई कार्रवाई, पुलिस ने लोगों से नियमों का पालन करने की अपील की
बेमेतरा, 06 अगस्त (वेदांत समाचार)। जिले में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रभावी पालन को सुनिश्चित करने के लिए बेमेतरा पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक (SP) त्रिलोक बंसल (IPS) के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. हरीश यादव के मार्गदर्शन में जिले के सभी थाना, चौकी और यातायात पुलिस टीम द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत 5 अगस्त 2026 को यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इस दौरान 13 वाहन चालकों पर चालानी कार्रवाई करते हुए कुल 3,900 रुपये का समन शुल्क वसूला गया।
पुलिस ने बताया कि अभियान के दौरान तेज गति से वाहन चलाना, नो-एंट्री में प्रवेश, बिना लाइसेंस वाहन चलाना, बिना बीमा वाहन संचालन, बिना हेलमेट, तीन सवारी, बिना सीट बेल्ट, नो-पार्किंग, वाहन के दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने सहित अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
यातायात पुलिस बेमेतरा द्वारा की गई कार्रवाई में बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने, खतरनाक तरीके से वाहन खड़ा करने, मौके पर आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने और अन्य नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 13 प्रकरण दर्ज किए गए। इस कार्रवाई में यातायात प्रभारी बेमेतरा रक्षित निरीक्षक प्रवीण खलखो, सहायक उपनिरीक्षक जहीर खान सहित यातायात पुलिस की टीम शामिल रही।
बेमेतरा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित वाहन चलाएं। पुलिस ने लोगों से शराब का सेवन कर वाहन नहीं चलाने, मालवाहक वाहनों में सवारी नहीं बैठाने, नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने नहीं देने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने तथा ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने की अपील की है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

