खैरागढ़, 07 जुलाई (वेदांत समाचार) । जिले के छुईखदान विकासखंड के ग्राम घिरघोली में पंचायत द्वारा लाखों रुपये की लागत से निर्मित व्यावसायिक परिसर पिछले 10 से 15 वर्षों से उपयोग का इंतजार कर रहा है। रोजगार सृजन और पंचायत की आय बढ़ाने के उद्देश्य से बनाए गए पांच दुकानों वाले इस परिसर का आज तक न तो आवंटन किया गया और न ही नीलामी की प्रक्रिया पूरी की गई।उपयोग के अभाव में परिसर धीरे-धीरे जर्जर होता जा रहा है।
भवन में धूल, गंदगी और झाड़ियां फैल गई हैं, जबकि दीवारों और अन्य हिस्सों में भी क्षति के निशान दिखाई देने लगे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते परिसर का संचालन शुरू नहीं किया गया तो लाखों रुपये की सरकारी संपत्ति पूरी तरह खंडहर में बदल सकती है।ग्रामीणों ने प्रशासन से व्यावसायिक परिसर का निरीक्षण कर दुकानों के आबंटन की प्रक्रिया जल्द शुरू करने की मांग की है। उनका कहना है कि इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा, गांव में व्यापारिक गतिविधियां बढ़ेंगी और पंचायत को भी नियमित राजस्व प्राप्त होगा।

