बिलासपुर,25 अप्रैल (वेदांत समाचार)। सुबह-सुबह साइकिल पर अखबार बांटने निकले 21 वर्षीय युवक विकास दास की सड़क हादसे में हुई मौत के मामले में आखिरकार 9 दिन बाद एफआईआर दर्ज कर ली गई है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने दुर्घटना के लिए जिम्मेदार बस की पहचान कर ली है, जिससे अब मामले में कार्रवाई तेज होने की उम्मीद जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मोहतरोई निवासी विकास दास 14 अप्रैल की सुबह नेशनल हाईवे-130 पर अखबार वितरण का काम कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल विकास को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद प्रारंभ में अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था, लेकिन जांच में सुस्ती को लेकर सवाल उठते रहे। बाद में सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर यह स्पष्ट हुआ कि कोरबा से बिलासपुर की ओर आ रही पीले-नारंगी रंग की बस (क्रमांक CG 15 EC 5782), जिस पर “कबीर” लिखा था, ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए विकास दास को टक्कर मारी।
पुलिस ने इस आधार पर बस चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 106(1) एवं मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 के तहत अपराध दर्ज कर लिया है।
हालांकि, इस पूरे मामले में एफआईआर दर्ज करने में हुई 9 दिन की देरी कई सवाल खड़े कर रही है। परिजनों को स्वयं फोटो और लोकेशन के माध्यम से घटना स्थल साबित करना पड़ा, वहीं केस डायरी को लेकर विभागीय स्तर पर भी खींचतान की स्थिति बनी रही। अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले में आगे कितनी तेजी से कार्रवाई करती है और पीड़ित परिवार को न्याय कब तक मिल पाता है।
