“ऑपरेशन आघात” के तहत रायगढ़ पुलिस का बड़ा एक्शन: गांजा तस्करी पर प्रहार, तीन आरोपी गिरफ्तार, एक फरार – vedantsamachar.in

“ऑपरेशन आघात” के तहत रायगढ़ पुलिस का बड़ा एक्शन: गांजा तस्करी पर प्रहार, तीन आरोपी गिरफ्तार, एक फरार

रायगढ़, 25 अप्रैल (वेदांत समाचार)। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। “ऑपरेशन आघात” के तहत पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी के नेटवर्क पर प्रहार किया है। इस कार्रवाई में अलग-अलग मामलों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत थाना पूंजीपथरा और थाना पुसौर पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई की। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लगातार सख्ती बरती जा रही है।

23 अप्रैल को पूंजीपथरा थाना क्षेत्र के ग्राम तुमीडीह महुआ चौक पठान कॉलोनी के पास पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग I20 कार में गांजा लेकर बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मौके पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान खिरोधर यादव (जिला जशपुर) और पुरुषोत्तम यादव (ग्राम तुमीडीह) को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक अन्य आरोपी कार क्रमांक CG13BH5917 लेकर मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो थैलों में कुल 2.728 किलोग्राम गांजा बरामद किया, जिसकी कीमत करीब 24,500 रुपये आंकी गई है। साथ ही गांजा बिक्री से संबंधित 5,000 रुपये नगद भी जब्त किए गए। कुल 29,500 रुपये की जप्ती करते हुए आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

वहीं, 25 अप्रैल को “ऑपरेशन आघात” के तहत ही पुसौर थाना पुलिस ने ग्राम औरदा डीपापारा चौक में कार्रवाई करते हुए साधराम सिदार (71 वर्ष) को गांजा बिक्री के लिए ग्राहक तलाशते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। थाना प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में आरोपी के पास से 745 ग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी कीमत लगभग 7,450 रुपये बताई गई है। आरोपी के खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।

रायगढ़ पुलिस की इन लगातार कार्रवाइयों से स्पष्ट है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ सख्त रुख अपनाया गया है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा है कि युवाओं को नशे के दुष्प्रभाव से बचाने और समाज को सुरक्षित रखने के लिए ऐसे अपराधियों के खिलाफ लगातार कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थों से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।